Madhya Pradesh

राजगढ़ः स्वदेशी एक नारा नही, भारतीयों का संकल्प और जीवनपद्वति है : सांसद नागर

भारतीयों का संकल्प और जीवनपद्वति है-सांसद नागर

राजगढ़, 10 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान विकसित राष्ट्र बनाने का मार्ग है, स्वदेशी एक नारा नही, भारतीयों का संकल्प और जीवनपद्वति है। भारत को आत्मनिर्भर बनाने देश की जनता स्वेदशी को अपनाकर योगदान दे। स्वदेशी सिर्फ आर्थिक विषय नही, यह हमारी संस्कृति और आत्मा का हिस्सा है। यह बात सांसद रोडमल नागर ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को लेकर शुक्रवार को भाजपा जिला कार्यालय राजगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा दे रहे है।

देश के युवा स्वदेशी, स्वभाषा और स्वभूषा को बढ़ावा देकर देश को विकसित करने में सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज भारत का रक्षा निर्यात 23 हजार करोड़ से अधिक पहुंच गया है। वहीं प्रधानमंत्री वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रहे है। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पाद वह है जो भारत में बना है, स्वदेशी वह है जिसको बनाने में भारतीयों का श्रम व पसीना लगा है। हर घर स्वदेशी घर-घर स्वदेशी का आव्हान प्रधानमंत्री ने किया है।

उन्होंने कहा कि स्वदेशी को बढ़ावा देने से देश की परंपरा, सभ्यता और संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। स्वदेशी अपनाते है तो देश के कारीगरों, किसानों, छोटे व्यापारियों, उद्यमियों को ताकत और सम्मान मिलता है। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष ज्ञानसिंह गुर्जर ने कहा कि आज मेक इन इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, डिजीटल अवसंरचना और वोकल फाॅर लोकल जैसे अभियान इसी विरासत को आगे बढ़ा रहे है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को लेकर भाजपा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे। यह अभियान 25 सितम्बर से शुरु हुआ है,जो 25 दिसम्बर तक चलेगा।

—————

(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक

Most Popular

To Top