
राजगढ़, 3 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा न्यायालय के आदेश का समय पर पालन करने के लिए पुलिस द्वारा विशेष वारंट तामीली अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले के पांच अनुविभागीय अधिकारी, 20 थानाप्रभारी, एक हजार से अधिक पुलिस बल सहित साइबर टीम सक्रिय रही। पुलिस टीम ने 255 वारंट, 300 स्थाई वारंट, 3 वसूली वारंट, 8 फरार आरोपित, 2 गंभीर अपराधों के आरोपितों पर कार्रवाई की।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने सोमवार को बताया कि एएसपी केएल.बंजारे के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया, जिसमें पांच अनुविभागीय अधिकारी, 20 थानाप्रभारी, एक हजार से अधिक पुलिसबल सहित साइबर टीम मौजूद रही। अभियान का उद्देश्य है कि न्यायालयों से लंबित वारंट, स्थाई वारंट एवं उद्घोषित आरोपितों की तामीली करना साथ ही फरार आरोपितों को हिरासत में लेकर न्यायिक प्रक्रिया को गति प्रदान करना है। वहीं जनता में कानून के प्र्रति विश्वास और अपराधियों में कानून का भय स्थापित करना है। अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा कर विशेष तामीली टीमें गठित की गई। टीम ने सतत निगरानी रखते हुए दिन- रात अभियान चलाया और जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई करते हुए 570 वारंटों की तामीली की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी का कहना है कि जिले में लंबित वारंटों की तामीली के लिए चलाया गया यह विशेष अभियान कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने व अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राजगढ़ पुलिस न्याय की रक्षा एवं नागरिकों की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक