Madhya Pradesh

राजगढ़ः पांच माह से वेतन नहीं मिलने पर नपाकर्मियों की हड़ताल शुरु, शहर में लगे कचरे के ढे़र

नपाकर्मियों की हड़ताल शुरु, शहर में लगे कचरे के ढे़र

राजगढ़, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पांच से नौ माह का वेतन भुगतान नही होने पर मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नगरपालिका ब्यावरा के कर्मचारियों ने मंगलवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरु की। इस दौरान नगरपालिका कर्मचारियों ने कार्यालय के सामने बैठकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। हड़ताल के शुरु होेने से शहर में जगह-जगह कचरे के ढ़ेर लगे देखे गए वहीं पेयजल व्यवस्था भी ठप्प हो गई।

हड़ताल के चलते शहरवासियों को जहां एक ओर पसरी गंदगी का सामना करना पड़ रहा है वहीं पेयजल की किल्लत भी झेलनी पड़ी है। कर्मचारी संघ का कहना है कि नगरपालिका में काम करने वाले नियमित कर्मचारियों को छह माह, विनियमित कर्मचारियों को सात माह और संविदा कर्मचारियों को पिछले 9 माह से वेतन का भुगतान नही किया गया,जिससे कर्मचारियों को बच्चों की फीस, लोन की किश्त, मकान का किराया, दवाईयां सहित घर को चलाने में परेशानियां आ रही है वहीं साल भर का त्योहार दीपावली भी नजदीक है,ऐसे में कर्मचारी कैसे जीवनबसर करे। कर्मचारियों का कहना है कि एक सप्ताह पूर्व कर्मचारियों ने वेतन की मांग को लेकर नगरपालिका कार्यालय में धरना प्रदर्शन किया था, जिस पर सीएमओ इकरार अहमद ने त्योहार के पहले वेतन देने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई भुगतान नही हुआ है।

हड़ताल के दौरान सफाई कर्मचारी, लिपिक, जलप्रदाय शाखा, कचरा वाहन के चालक सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे, जिससे कुछ ही घंटों में शहर में जगह-जगह कचरे के ढ़ेर देखने में आए है वहीं शहरवासी त्योहार की नजदीकी के बाद पानी के लिए परेशान होने को मजबूर है। हड़ताल के दौरान कांग्रेस नेता धरनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए जल्द से जल्द वेतन भुगतान करने की मांग की।

नगरपालिका उपाध्यक्ष अतुल जगताप ने कहा कि त्योहार के पूर्व कर्मचारियों को वेतन का भुगतान होना चाहिए वहीं कर्मचारियों को पूर्ण सुरक्षा मिलना चाहिए, जिससे वह अपने दायित्वों का सही तरीके निर्वहन कर सकें। इस मौके पर नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह ने कहा कि कर्मचारियों की मांग जायज है, त्योहार के पूर्व दो माह का वेतन भुगतान कर दिया जाएगा साथ ही शक्ति से टैक्स बसूलकर वित्तीय स्थिति सुधानरने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की वेतन भुगतान के अलावा क्रमोन्नित सहित अन्य जो मांगें है, उनमें पूर्णतःसहयोग करने को तैयार हूं।

—————

(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक

Most Popular

To Top