
राजगढ़, 7 नवंबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में देहात ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम नालबंदी में रहने वाले 75 वर्षीय व्यक्ति ने शुक्रवार शाम अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ पी लिया, गंभीर हालत में परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं ग्राम सुआहेड़ी गांव में रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने जहर खा लिया, जिसका सिविल अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार ग्राम नालबंदी निवासी 75 वर्षीय लीमजी पुत्र रामबगस गुर्जर ने घर में रहते हुए जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, बेसुध हालत में परिजन उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक का शव सिविल अस्पताल के मर्चरुरी रुम में रखा गया है, जिसका शनिवार सुबह पोस्टमार्टम किया जाएगा। व्यक्ति ने किन हालातों के चलते जहर खाया, इसका वास्तविक पता नहीं लग सका। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरु की।
उधर ग्राम सुआहेड़ी निवासी 35 वर्षीय मोरबाई पत्नी जगदीश राव ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया, बेसुध हालत में परिजन उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार किया जा रहा है। महिला ने किन हालातों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन किया, इसका वास्तविक पता नही लग सका। पुलिस ने मामले में जांच शुरु की।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक