
राजगढ़, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति ने बुधवार को भगवान देवनारायण मंदिर परिसर ब्यावरा में महापंचायत का आयोजन किया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। इसके बाद किसानों ने एकजुटता दिखाते हुए फसल बीमा, एमएसपी और कृषि अधिकारी के निलंबन की मांग को लेकर एसडीएम गोविंद दुबे को सीएम डाॅ. मोहन यादव के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
महापंचायत में मौजूद किसानों ने अतिवृष्टि से सोयाबीन की फसल को हुए नुकसान पर आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 की फसल बीमा राशि अभी तक उनके खाता में नही आई है साथ ही नए बीमा से भी उन्हें लाभ नही मिल रहा है। किसानों ने सरकार से एमएसपी पर कानूनी गारंटी देने और भावांतर योजन के स्थान पर फसलों का वास्तविक मूल्य प्रदान करने की मांग की। इसके अलावा गौमाता रखने वाले परिवारों को 1500 रुपए प्रतिमाह सहायता राशि देने की मांग की गई। किसानों ने कृषि अधिकारी एसएन हरियाले पर गलत जानकारी देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी गलत रिपोर्टिंग के कारण हजारों किसानों को बीमा लाभ से वंचित रहना पड़ा है, किसानों ने उन्हें तत्काल निलंबित करने की मांग की है। किसानों ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि दस दिनों के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नही की गई तो भारतीय किसान यूनियन महाशक्ति और संयुक्त किसान मोर्चा मिलकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। इस मौके पर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश दांगी, संगठन मंत्री प्रभूलाल पटेल, प्रदेश प्रभारी मंत्री भगवानसिंह पटेल, प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष डाॅ. बापूलाल लोधा, मीडिया प्रभारी नारायणसिंह चैहान, जिला अध्यक्ष रामबगस दांगी, ब्यावरा ब्लाॅक अध्यक्ष रामेश्वर गुर्जर, पुरुषोत्तम धनगर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
