
राजगढ़,23 जून (Udaipur Kiran) । लोकतंत्र की काली रात कहे जाने वाले आपातकाल की 50 वीं वर्षगांठ पर भारतीय जनता पार्टी 25 जून, बुधवार को खिलचीपुर नगर में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कर रही है, जिसमें लोकतंत्र रक्षकों को सम्मानित किया जाएगा साथ ही कांग्रेस शासन में लगे आपातकाल को लेकर नई पीढ़ी को जागरुक किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भोपाल सांसद आलोक शर्मा मौजूद रहेंगे।
भाजपा ने इस आयोजन को लोकतंत्र सम्मान दिवस का नाम दिया है। कार्यक्रम की शुरुआत बुधवार दोपहर बालाजी गार्डन में आपातकाल पर आधारित लगाई गई प्रदर्शनी के उद्घाटन के साथ होगी। इस मौके पर आपातकाल के समय जेल में रहे मीसाबंदियों और उनके परिजनों का सार्वजनिक रुप से सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर भाजपा के द्वारा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्र राजगढ़, ब्यावरा, नरसिंहगढ़, सारंगपुर और खिलचीपुर में डोर-टू-डोर आमंत्रण पत्र दिए जा रहे है। भाजपा नेताओं का कहना है कि 1975 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने देश की लोकतंत्र प्रणाली को कुचलने का जो काम किया था, वह भारत के इतिहास का सबसे काला अध्याय है। आज की पीढ़ी को यह ज्ञात होना जरुरी है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए किन संघर्षों से गुजरना पड़ा है। कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी, प्रबुद्वजन और युवा बड़ी तादाद में शामिल होंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
