
राजगढ़, 1 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । ब्यावरा नगर में सिविल अस्पताल रोड़ गंगा मंदिर के समीप दशहरा महापर्व के अवसर पर गुरुवार को 51 फीट रावण पुतला का दहन होगा, जिसे भोपाल के कलाकारों द्वारा तैयार किया गया है। नगरपालिका अमला पिछले एक माह से नवीन स्थल को व्यवस्थित करने में जुटा है,जिसे अब लगभग पूर्ण कर लिया गया है। रावण पुतला दहन के दौरान आर्कषक आतिशबाजी का आयोजन किया जाएगा। दशहरा मैदान पर बुधवार को व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाह ने बताया कि नगर में इस साल दशहरा पर्व विशेष रुप से मनाया जाएगा, नए दशहरा मैदान को व्यवस्थित रुप से सुसज्जित कराया जा रहा है। दशहरा मैदान पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचते है, पर्व पर आयोजनों को देखने के लिए मैदान पर तीन बड़ी एलईडी लगाई जाएंगी, जिससे दूर खड़े लोग कार्यक्रम को देख सके। उन्होंने बताया कि दशहरा मैदान पर रावण दहन मंच की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात प्रबंधन और दर्शकों की सुविधाओं को लेकर विशेष व्यवस्थाएं की गई है। रावण पुतला दहन का परंपरागत कार्यक्रम इस बार संगीतमय होगा, जिसमें कलाकार रामधुन के साथ भजनों की प्रस्तुतियां देंगे, जिसके साथ ही भगवान श्रीराम और रावण का युद्व होगा,जिसके बाद पुतला दहन होगा। मौके पर मौजूद हिन्दू उत्सव समिति अध्यक्ष प्रिंस छावड़ा ने बताया कि दशहरा पर्व को लेकर नगर में खासा उत्साह है, नगरपालिका के सहयोग से दशहरा पर्व विशेष रहने वाला है, जिसे उत्साहपूर्ण वातावरण में सभी लोग मिलकर मनाऐंगे।
—————
(Udaipur Kiran) / मनोज पाठक
