Madhya Pradesh

रायसेन: धान राेपने जा रहे मजदूरों से भरा पिकअप वाहन पलटा, 28 घायल, 10 की हालत गंभीर

मजदूरों से भरा पिकअप वाहन पलटा

रायसेन, 9 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में बुधवार सुबह मजदूराें से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित हाेकर पलट गया। हादसे में 28 मजदूर घायल हो गए, जिनमें 10 की हालत गंभीर है। 4 मजदूरों को भोपाल रेफर किया गया है। सभी मजदूर धान राेपने जा रहे थे। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी अनुसार हादसा देवनगर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हुआ। मीराबाई नाम की महिला मजदूर ने बताया कि सभी मजदूर सिरसोद गांव धान रोपने जा रहे थे। वाहन में करीब 30 मजदूर सवार थे। इस दाैरान मुड़िया खेड़ा के पास अचानक पिकअप सड़क पर फिसल गई और अनियंत्रित होकर पलट गई। पिकअप में कुछ बच्चे भी थे जो हादसे में घायल हुए हैं। वाहन पलटते ही मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। सभी घायल मजदूर सड़क पर पड़े थे। सूचना मिलते ही मौके पर पांच एम्बुलेंस पहुंचीं और घायलों को पहले देवनगर अस्पताल और फिर रायसेन जिला अस्पताल भेजा गया। कुछ मजदूरों को देवनगर थाना पुलिस की गाड़ी से भी अस्पताल लाया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलने पर एसडीओपी प्रतिभा शर्मा मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि अधिकतर घायलों को सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के कारणों को लेकर पिकअप चालक से पूछताछ की जा रही है।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे

Most Popular

To Top