
रायपुर, 13 नवंबर (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री निवास में एक बार फिर से जनदर्शन कार्यक्रम की शुरुआत होने जा रही है। जनदर्शन का आयोजन आज गुरुवार काे दोपहर 12:00 बजे से 3:00 बजे तक किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस अवसर पर प्रदेशवासियों से सीधे संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे। मुख्यमंत्री साय ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनदर्शन में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का त्वरित और संवेदनशील निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को समयबद्ध समाधान मिल सके।
राज्य सरकार के जनदर्शन कार्यक्रम का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। यह पहल मुख्यमंत्री साय की जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता और पारदर्शी सुशासन के संकल्प को दर्शाती है, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित हो सके।
मुख्यमंत्री निवास परिसर में प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। आम जनता की सुविधा के लिए अलग-अलग काउंटर और प्रतीक्षा क्षेत्र बनाए गए हैं, ताकि भीड़ में अव्यवस्था न हो और हर व्यक्ति को अपनी बारी के अनुसार मुख्यमंत्री से मिलने का अवसर मिल सके। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
—————
(Udaipur Kiran) / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल