HimachalPradesh

कांगड़ा जिला में बरसात का कहर, अब तक 29 लोगों की मौत

शाहपुर में ढहा मकान।

धर्मशाला, 02 अगस्त (Udaipur Kiran News) । कांगड़ा जिला में इस बार बरसात ने खूब तबाही मचाई है। करीब डेढ़ माह के दौरान जिला में बरसात के दौरान अभी तक 29 लोगों की जान जा चुकी है वहीं निजी और सार्वजनिक संपत्ति को भी 34.52 करोड़ का भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा दो लोग अभी भी लापता हैं। जबकि 3 लोग घायल हुए हैं।

वहीं पिछले 24 घंटों की बात करें तो इस दौरान हुई बारिश से भूस्खलन और अन्य आपदा के चलते 2 लोग लापता बताए जा रहे हैं जबकि 3 लोगों को चोटें आईं हैं। इसके अतिरिक्त 1 व्यक्ति की सांप के काटने से मृत्यु हो गई है। वहीं जिला में अब तक बरसात में हुए नुकसान की बात करें तो बीते 20 जून 2025 से अब तक कुल 154 पशुधन की हानि हुई है। इसमें 21 गाय, 2 खच्चर, 9 भैंस, 112 बकरियां और 10 भेड़ें शामिल हैं।

उधर बरसात से जिला में अभी तक 28 घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जिनमें से 2 पक्के और 26 कच्चे घर हैं। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए घरों की संख्या 181 है, जिनमें 18 पक्के और 163 कच्चे घर शामिल हैं। 16 दुकानें और 213 गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसके अलावा 8 रसोई घर और 11 अन्य संरचनाएं, जैसे कि लेबर शेड और आटा चक्की को भी नुकसान पंहुचा है।

जिला के उपमंडल वाइज क्षति की बात करें तो देहरा उपमंडल में एक कच्चा घर पूरी तरह और एक कच्चा घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। एक पक्का घर भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। पालमपुर उपमंडल में 6 गौशालाओं सहित 3 कच्चे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। भूस्खलन के कारण अन्य नुकसान भी दर्ज किए गए हैं। शाहपुर में एक पक्का और एक कच्चा घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है। साथ ही 7 गौशालाएं भी क्षतिग्रस्त हुई हैं।

जयसिंहपुर में सांप के काटने से एक व्यक्ति की मौत हुई है। यहां एक कच्चा घर पूरी तरह, दो कच्चे घर आंशिक रूप से और पांच गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। ज्वालामुखी में दो कच्चे घर आंशिक रूप से और चार गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। कांगड़ा उपमंडल में एक कच्चा घर आंशिक रूप से और दो गौशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। इसी तरह जवाली में दो कच्चे घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं 20 जून से 2 अगस्त 2025 तक जिला में बरसात से कुल मिलाकर 34.52 करोड़ रुपए का नुकसान दर्ज किया गया है।

(Udaipur Kiran) / सतेंद्र धलारिया

Most Popular

To Top