
शिमला, 14 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार को शिमला पहुंचे। दोपहर के समय वह हेलीकॉप्टर से अनाडेल हेलीपैड पर उतरे, जहां उनका स्वागत प्रदेश सरकार के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने किया।
अनाडेल से राहुल गांधी सड़क मार्ग के माध्यम से शिमला के समीप स्थित छराबड़ा के लिए रवाना हुए। छराबड़ा में उनकी बहन और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी का आवास है। राहुल गांधी इसी आवास में ठहरे हैं। प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के साथ पिछले तीन दिनों से छराबड़ा में ही रुकी हुई हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ने भाग लिया था। कार्यक्रम के दौरान सोनिया गांधी ने रिमोट का बटन दबाकर प्रतिमा का अनावरण किया था।
राहुल गांधी हालांकि इस समारोह में शामिल नहीं हो सके थे, लेकिन आज उनके शिमला पहुंचने के बाद यह संभावना जताई जा रही है कि वे एक या दो दिन छराबड़ा में प्रवास कर सकते हैं। शिमला आने से पहले राहुल गांधी हरियाणा में थे, जहां से वह सीधे शिमला के लिए रवाना हुए।
राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी की एक साथ छराबड़ा में मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।
इस बीच विक्रमादित्य सिंह ने राहुल गांधी के साथ तस्वीर सोशल मीडिया में साझा करते हुए लिखा कि शिमला आगमन पर नेता प्रतिपक्ष व वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राहुल गांधी का स्वागत किया। राहुल गांधी ने उनसे कहा कि पिछले कल राजा वीरभद्र सिंह जी की प्रतिमा का अनावरण हुआ, जिसमें सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं। इस खास मौके पर सबका उत्साह देखने लायक था।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा
