
कोलकाता, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) ।कोलकाता के दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार दोपहर दोस्तों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के दौरान एक छात्र ने दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
मृत छात्र की पहचान 17 वर्षीय मनोजित यादव के रूप में हुई है। वह बागबाजार हाई स्कूल का छात्र और बरानगर का निवासी था। जानकारी के अनुसार, मनोजित रोज की तरह शुक्रवार को भी अपने दोस्तों के साथ मेट्रो से घर लौट रहा था। इसी दौरान दक्षिणेश्वर मेट्रो स्टेशन पर दोस्तों के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते-देखते झगड़ा बढ़ा और एक छात्र ने चाकू से मनोजित पर हमला कर दिया।
रक्तरंजित हालत में दोस्तों ने उसे तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शुक्रवार दोपहर चार-पांच छात्र मेट्रो स्टेशन पर मौजूद थे। बहस पहले तीखी झड़प में बदली और फिर चाकूबाजी तक पहुंच गई।
घटना के बाद आरपीएफ ने मौके को घेर लिया। यात्रियों में भारी दहशत फैल गई।
इस वारदात ने मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मेट्रो प्रशासन का दावा है कि हर स्टेशन पर बैग जांच की व्यवस्था है, लेकिन इसके बावजूद चाकू कैसे अंदर पहुंचा, यह अब तक स्पष्ट नहीं है।
कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन (शहीद खुदीराम से दक्षिणेश्वर तक) सबसे पुरानी और व्यस्ततम मानी जाती है। हाल के दिनों में यहां सेवाओं को लेकर कई सवाल उठे हैं। अब छात्र की हत्या की इस घटना ने सुरक्षा खामियों को फिर से उजागर कर दिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / धनंजय पाण्डेय
