मुंबई, 8 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । कांग्रेस पार्टी की सांसद वर्षा गायकवाड ने मुंबई मनपा के स्वास्थ्य विभाग के 7 हजार करोड़ रुपये के फंड पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने सवाल पूछा है कि मनपा अस्पतालों की स्थिति दयनीय है. जरूरतमंद मरीज परेशान हैं। यैसे में इस फंड की राशि आखिर कहां खर्च हो रही है।
वर्षा ने बुधवार को विले पार्ले स्थित आर. एन. कूपर अस्पताल का दौरा किया। अस्पताल की स्थिति का हवाला देते हुए वर्षा ने कहा कि महायुति सरकार और मुंबई मनपा मुंबईवासियों की जान से खिलवाड़ कर रही है। मुंबई के कई मनपा अस्पताल सुविधाओं के अभाव में वेंटिलेटर पर हैं। गरीब परिवारों के मरीज परेशान हैं। अस्पतालों में मरीजों के लिए उचित सुविधाएं हैं, दवाइयां, पर्याप्त स्टाफ और बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। कूपर अस्पताल में चूहों का आतंक बढ़ गया है। यदि सरकार में थोड़ी भी नैतिकता बची है, तो उन्हें तुरंत आम जनता की जान से खिलवाड़ बंद करना चाहिए। मरीजों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं तुरंत शुरू करनी चाहिए।
सांसद वर्षा ने कहा कि इससे पहले मैंने कुर्ला, बांद्रा, गोवंडी और घाटकोपर के उपनगरीय अस्पतालों का दौरा किया था। वहां भी सुविधाएं बदहाल हैं और डॉक्टरों की संख्या अपर्याप्त है। बार-बार कहने के बावजूद मनपा और सरकार ध्यान नहीं दे रहे हैं। यह सब जानबूझकर किया जा रहा है। सरकार मनपा अस्पतालों की हालत खराब करके उनका निजीकरण करने की चाल चल रही है। लेकिन हम ऐसा कभी नहीं होने देंगे। सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के निजीकरण का हमारा विरोध जारी रहेगा। इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक जाधव, मोहसिन हैदर, अशरफ आजमी, अवनीश सिंह, कचरू यादव, जयकांत शुक्ला, नीता महाडिक सहित आदि नेता उपस्थित थे।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
