WORLD

नई अमेरिकी पाबंदियां रूस की अर्थव्यवस्था पर असर नहीं डालेंगी : पुतिन

मॉस्को, 23 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका द्वारा लगाई गई नई आर्थिक पाबंदियां (सैंक्शन्स) केवल रूस पर दबाव बनाने का प्रयास है, लेकिन इनका देश की अर्थव्यवस्था पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ेगा। रूसी सरकारी समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती (आरआईए) के मुताबिक, पुतिन ने स्पष्ट किया कि मॉस्को विदेशी दबाव के आगे झुकेगा नहीं।

पुतिन ने चेतावनी देते हुए कहा कि रूस के भीतर गहराई तक किए गए किसी भी हमले का जवाब “बहुत गंभीर और निर्णायक” होगा। उन्होंने कहा, “रूस कभी भी बाहरी दबाव में नहीं आएगा और हमारी प्रतिक्रिया उन हमलों से कहीं अधिक शक्तिशाली होगी।”

रूसी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि देश का ऊर्जा क्षेत्र मजबूत और आत्मविश्वास से भरा हुआ है, हालांकि उन्होंने स्वीकार किया कि नई अमेरिकी पाबंदियों से कुछ हद तक नुकसान हो सकता है।

पुतिन ने आगे कहा कि यदि रूसी तेल की आपूर्ति में तेज गिरावट आती है, तो इससे वैश्विक बाजार में तेल के दामों में तेज वृद्धि हो सकती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ तेल आपूर्ति की स्थिति और उसके अंतरराष्ट्रीय मूल्य पर प्रभाव को लेकर चर्चा की है।

वहीं, टोमहॉक मिसाइलों को लेकर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि अगर टोमहॉक क्रूज मिसाइलों का उपयोग कर रूसी क्षेत्र पर हमला किया गया तो उसका जवाब “बहुत गंभीर” होगा। उन्होंने कहा कि यद्यपि अमेरिका ने यूक्रेन को टोमहॉक देने की अनुमति नहीं दी है, फिर भी कीव का अनुमति मांगना “उत्तेजना बढ़ाने का प्रयास” है।

पुतिन ने साफ कहा कि जो लोग ऐसे कदम के बारे में सोच रहे हैं, उन्हें इसके परिणामों पर भी गंभीरता से विचार करना चाहिए।

——————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top