
गुवाहाटी, 24 सितंबर (Udaipur Kiran News) । स्वच्छता ही सेवा अभियान- 2025 के तहत पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने अपने मंडलों में स्वच्छता, पुनर्चक्रण और सुदृढ़ कार्यों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए कई गतिविधियों का आयोजन किया। ये गतिविधियां रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे अस्पतालों, कारखानों और रेल कॉलोनियों में रेल अधिकारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी के साथ आयोजित की गईं।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बुधवार काे बताया कि गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर ‘वेस्ट-टू-आर्ट’ प्रदर्शनी और बिक्री का सफल आयोजन किया गया, जिसमें रिसाइकल्ड और अपसाइकिल्ड सामग्रियों से बने उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनी में प्लास्टिक कचरे के रचनात्मक पुनर्चक्रण पर विशेष जाेर देते हुए रिड्यूस, रियूज और रिसाइकल (आरआरआर) के सिद्धांतों को दर्शाया गया। बेकार प्लास्टिक और अन्य पुन: प्रयोज्य सामग्रियों से बनी विभिन्न वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। इस दृष्टिकोण ने यह प्रदर्शित किया कि कैसे कचरे को उपयोगी और सौंदर्यपरक उत्पादों में बदला जा सकता है, जो दैनिक जीवन में मूल्य जोड़ते हैं। इस पहल ने न केवल नवीन अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों पर प्रकाश डाला, बल्कि पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने में जन भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया।
इसके अतिरिक्त, पूसीरे के मालीगांव कॉलोनी कम्पोस्ट प्लांट में रिसाइकल्ड उत्पादों की बिक्री का आयोजन किया गया। इस अवसर पर, प्लांट में बायोडिग्रेडेबल अपशिष्ट से निर्मित कम्पोस्ट खाद निवासियों में बिक्री के लिए उपलब्ध कराई गई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कम्पोस्ट बनाने के लाभों के बारे में जागरूकता फैलाना और घरेलू जैविक कचरे को बागवानी और कृषि के लिए मूल्यवान खाद में बदलने के महत्व को प्रदर्शित करना था।
पूसीरे द्वारा स्वच्छता ही सेवा अभियान को विभिन्न कार्यक्रमों जैसे स्वच्छता अभियान, जागरूकता अभियान, पर्यावरण-अनुकूल सामग्रियों का वितरण और पुनर्चक्रण कार्यों को बढ़ावा देकर सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है। ये पहल कर्मचारियों और जनता के बीच सामूहिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करते हुए, एक स्वच्छ और हरित पर्यावरण निर्माण के प्रति पूसीरे की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हैं।———————
(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय
