Assam

पूसीरे ने माल अनलोडिंग में 9.63 प्रतिशत की वृद्धि हासिल की

भारतीय मालगाड़ी

गुवाहाटी, 05 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) माल अनलोडिंग की गतिविधियों में निरंतर वृद्धि दर्ज कर रहा है। पिछले कुछ महीनों के आंकड़े बताते हैं कि इसमें उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। पूसीरे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) ने रविवार को इसकी विस्तृत जानकारी दी।

पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि सितंबर 2025 में पूसीरे ने मालगाड़ियों के कुल 1,059 रेक अनलोड किए, जो पिछले वर्ष की उसी अवधि में अनलोड किए गए 966 रेकों की तुलना में 9.63 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

उन्होंने बताया कि उक्त महीने के दौरान आवश्यक वस्तुओं जैसे एफसीआई चावल, चीनी, नमक, खाद्य तेल, अनाज, उर्वरक, सीमेंट, कोयला, सब्जी, ऑटोमोबाइल्स, टैंकर्स और अन्य सामानों का परिवहन किया और उसे अपने क्षेत्राधिकार के अधीन विभिन्न गुड्स शेडों में अनलोड किया। इस माल परिवहन का एक बड़ा हिस्सा पूर्वोत्तर राज्यों को गया है।

सीपीआरओ ने बताया कि सितंबर 2025 में असम में कुल 595 रेक अनलोड किए गए, जिनमें से 291 रेक आवश्यक वस्तुओं से लदे थे। इसी अवधि के दौरान, त्रिपुरा में 83, नगालैंड में 21, अरुणाचल प्रदेश में 7, मणिपुर में 20, मेघालय में 2 और मिज़ोरम में 19 रेक अनलोड किए गए। इसके अतिरिक्त, सितंबर, 2025 के दौरान पूसीरे के क्षेत्राधिकार के अधीन पश्चिम बंगाल में 179 और बिहार में 133 रेक भी अनलोड किए गए, जिनमें आवश्यक और अति आवश्यक सामग्री शामिल थे।

उन्होंने बताया कि आवश्यक और अन्य वस्तुओं का नियमित परिवहन सुनिश्चित करता है कि लोगों की दैनिक ज़रूरतें पूरी हों और साथ ही क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिले। हर स्तर पर कड़ी निगरानी से टर्नअराउंड समय कम करने और अनलोडिंग दक्षता में सुधार करने में मदद मिली है।——-

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Most Popular

To Top