RAJASTHAN

कल से पुष्य नक्षत्र : दो दिन तक बाजारों में दिवाली से पहले त्योहारी उल्लास

jodhpur

जोधपुर, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दीपावली के आगमन से पहले शहर का माहौल पूरी तरह से त्योहारी रंग में रंग चुका है। इस बार 14 और 15 अक्टूबर को पुष्य नक्षत्र के दो दिवसीय शुभ संयोग के चलते बाजारों में पहले से ही जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। परंपरागत रूप से ‘मिनी धनतेरस’ माने जाने वाले पुष्य नक्षत्र पर खरीदारी को शुभ माना जाता है, इसी कारण व्यापारी और ग्राहक दोनों उत्साह से भरपूर हैं।

ज्योषिषी अरूण कुमार के अनुसार इस वर्ष दीपावली तक प्रतिदिन कोई न कोई शुभ योग बन रहा है। विशेष रूप से 14 और 15 अक्टूबर को नक्षत्रों के राजा ‘पुष्य’ के साथ सर्वार्थसिद्धि और अमृत सिद्धि योग का संयोग बन रहा है, जो सोना-चांदी और अन्य कीमती वस्तुओं की खरीदारी के लिए अत्यंत मंगलकारी माना गया है।

इस बार 14 और 15 अक्टूबर को पुष्य नक्षत्र का विशेष संयोग बन रहा है, जिसे खरीदारी का महा मुहूर्त कहा गया है। इस बार पुष्य नक्षत्र में सिद्ध योग और साध्य योग दोनों का संयोग रहेगा, जो इसे और भी मंगलमय बना रहा है। पंचांग व शहर के प्रमुख ज्योतिषियों के अनुसार पुष्य नक्षत्र का काल 14 अक्टूबर को दोपहर 11.54 बजे से शुरू होकर 15 अक्टूबर को दोपहर 11.59 बजे तक रहेगा। कुल 24 घंटे 6 मिनट तक यह नक्षत्र रहेगा। इस अवधि में की गई खरीदी दीर्घकालीन लाभ देने वाली होगी।

बाजारों में दो दिन तक बूम :

27 नक्षत्रों में पुष्य आठवां और अत्यंत शुभ माना जाता है। इसे ‘नक्षत्रों का राजा’ कहा जाता है। जब यह मंगलवार और बुधवार को आता है, तो चल-अचल संपत्ति की खरीदी स्थायी फल देने वाली मानी जाती है। सोना-चांदी, वाहन, भूमि-भवन, मशीनरी, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक सामान आदि की खरीदी से दीर्घकालिक समृद्धि और धनलाभ होता है।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top