Madhya Pradesh

हरदा : समर्थन मूल्य से कम दर पर मंडी प्रांगण में हो रही खरीदी

समर्थन मूल्य से कम दर पर मंडी प्रांगण में हो रही खरीदी

हरदा, 20 सितंबर (Udaipur Kiran News) । मध्‍य प्रदेश के हरदा जिले की कृषि उपज मंडी हरदा, खिड़किया, टिमरनी, सिराली, रहटगांव में समर्थन मूल्य से कम दर पर खरीदी वर्षों से हो रही है। इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे जहां एक ओर मंडी अधिनियम का उल्लंघन हो रहा है तो वहीं दूसरी ओर किसानों को उपज का मूल्य नहीं मिल पाने के कारण परेशानी का सामना भी करना पड़ता है।

मंडी प्रांगण में सी.सी.टी.व्ही. कैमरे लगे हैं और मंडी सचिव, मंडी प्रांगण अधिकारी, व्यापारी की मिली भगत से समर्थन मूल्य से कम रेट पर चना मूंग की खरीदी हर वर्ष होती है। यह मंडी अधिनियम के विरूद्ध है। इसके बाद भी इस मामले को दबाया जा रहा है।

इस संबंध में डी.एस.चौहान का कहना है कि किसानों का अनुबंध निरस्त करके चर्चा का विषय बना हुआ है। व्यापारी टैक्स की चोरी और अधिक फायदा कमाने के चक्कर में अनुबंध निरस्त करके कम दर पर खरीदी करके शासन के नियमों को अंगूठा दिखाते हुए किसानों की मजबूरी का फायदा उठाते हुए जमकर चूना लगाते हैं। ऐसा खेल वर्षों से चल रहा है। जो जांच के अभाव में दफन हो गया है। अनुबंध किस आधार पर क्यों निरस्त किया गया इसकी जांच पड़ताल की जाये और किसानों का बयान लिया जाये तो सब कुछ आइने की तरह स्पष्ट हो जायेगा।

खोरे

पूर्व जिलाध्यक्ष रामनिवास खोरे का कहना है कि मंडी अधिनियम का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है फिर भी शासन प्रशासन मूक बधिर बना हुआ है। देखने सुनने के बाद भी किसी प्रकार की कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। मंडी सचिव, व्यापारी, मंडी प्रांगण अधिकारी सबकी मिली भगत से ऐसा खेल वर्षों से हो रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी समर्थन मूल्य से कम दर पर मूंग चना की खरीदी हुई है। किसानों से जानकारी इकट्ठा की जाये और व्यापारियों से पूछताछ कर रिकार्ड देखा जाये तो सब कुछ जग जाहिर हो जायेगा।

इस संबंध में कृषि उपज मंडी हरदा के सचिव, हरनारायण मंडलेकर का कहना है कि मानक स्तर से निम्न स्तर की जिंस होने पर अथवा मिट्टी/अन्य जिंस/अन्य उत्पाद की मिलावट होने पर/टूटे दाने अधिक होने पर ही समर्थन मूल्य से कम पर जिंस का नीलाम होता है, मानक स्तर की जिंस सामान्यतः समर्थन मूल्य से अधिक पर ही उपार्जित होती है।

———————-

(Udaipur Kiran) / Pramod Somani

Most Popular

To Top