Uttar Pradesh

समर्थ उत्तर प्रदेश अभियान में उमड़ा जन सहयोग, लोककला व शिक्षा को मिले नए सुझाव

विकास भवन सभागार में आयोजित गोष्ठी।

मीरजापुर, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थ उत्तर प्रदेश 2027 के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से शुक्रवार को विकास भवन सभागार में अभियान के दूसरे दिन गोष्ठी आयोजित हुई। इसमें प्रबुद्धजनों, उद्यमियों, पद्म अवॉर्ड व राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त नागरिकों, श्रमिक संगठनों व एनआरएलएम समूह की महिलाओं ने भागीदारी कर अपने सुझाव दिए।

गोष्ठी में शासन से नामित प्रबुद्धजन सेवानिवृत्त आईएएस त्रियंबक प्रसाद पाठक, सेवानिवृत्त संयुक्त विकास आयुक्त कृष्ण त्रिपाठी, कृषि विश्वविद्यालय अयोध्या के प्राध्यापक डॉ. संजीत कुमार सहित मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार व अन्य अधिकारियों ने संवाद स्थापित कर अभियान को गति देने पर जोर दिया। महिलाओं के प्रतिनिधित्व में समूह सखी गीता, नीलम चौरसिया, रंजना यादव व अन्य ने अपने विचार साझा किए।

दूसरे सत्र में उद्यमियों ने जिले में निवेश व औद्योगिक विकास को लेकर सुझाव दिए। पद्मश्री लोकगायिका उर्मिला श्रीवास्तव ने युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और लोकविधा कजरी को बढ़ावा देने की बात कही। राज्य स्तरीय पुरस्कार प्राप्त अंतरराष्ट्रीय लोकगायिका ऊषा गुप्ता ने कजरी महोत्सव पुनः शुरू करने, आडिटोरियम और आकाशवाणी केंद्र की स्थापना का प्रस्ताव रखा। शिक्षा क्षेत्र से सम्मानित अध्यापकों ने विद्यालयों में तकनीकी सुविधाएं बढ़ाने की मांग रखी।

कार्यक्रम के अंत में पत्रकारों से संवाद कर अभियान के उद्देश्यों पर जानकारी दी गई और अतिथियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर जिले के कई प्रबुद्धजन, अधिकारी और सभागार में उपस्थित प्रतिभागी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा

Most Popular

To Top