Bihar

एमजीसीयू में राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन

पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते अतिथि

पूर्वी चंपारण,12 अगस्त (Udaipur Kiran) ।

महात्मा गाँधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग द्वारा ‘राष्ट्रीय पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस’ पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के संयोजक पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग के अध्यक्ष एवं महात्मा बुद्ध परिसर के निदेशक प्रो. रणजीत कुमार चौधरी थे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने भारत में पुस्तकालय विज्ञान का जनक शियाली राममृत रंगनाथन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा की रंगनाथन एक गणितज्ञ और पुस्तकालयाध्यक्ष थे, जिन्होंने पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रारंभिक शिक्षा रंगनाथन ने मद्रास क्रिश्चियन कॉलेज से गणित में बीए और एमए की डिग्री हासिल की। 1917 में उन्होंने शिक्षण लाइसेंस प्राप्त किया और गणित के शिक्षक के रूप में अपना करियर शुरू किया।

पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्यों के लिए 1957 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। उन्हें पुस्तकालय विज्ञान में राष्ट्रीय अनुसंधान प्रोफेसर के रूप में भी मान्यता मिली।वही प्रो. रणजीत कुमार चौधरी ने कहा कि भारत में पुस्तकालय विज्ञान के क्षेत्र में रंगनाथ जी का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि रंगनाथ ने पुस्तकालय विज्ञान के पाँच नियम प्रतिपादित किए, जो पुस्तकालयों के संचालन और उपयोग के लिए आज भी मार्गदर्शक हैं।

इसके अलावा, उन्होंने कोलन वर्गीकरण पद्धति विकसित की और मद्रास विश्वविद्यालय में पुस्तकालय विज्ञान में पहला स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू किया। उनके सम्मान में हर वर्ष 12 अगस्त को भारत में पुस्तकालयाध्यक्ष दिवस मनाया जाता है। कार्यक्रम में पुस्तकालय विज्ञान विभाग के शिक्षकों, शोधार्थियों व विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।

—————

(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार

Most Popular

To Top