Delhi

पूर्ववर्ती सरकारों ने यमुना की स्वच्छता पर केवल घोषणाएं कीं, हमारी सरकार ने अभूतपूर्व कार्य किया : रेखा गुप्ता

केशोपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में गुरुवार को आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ जनता का अभिवादन करतीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने यमुना की स्वच्छता पर केवल घोषणाएं कीं। कभी ठोस कार्य नहीं किया। हमारी सरकार यमुना की स्वच्छता और पुनर्जीवन के लिए केंद्र सरकार के साथ मिलकर अभूतपूर्व कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा आज 1816 करोड़ रुपये की लागत से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जल एवं सीवरेज परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया, जो यमुना पुनर्जीवन और दिल्ली के जल ढांचे को सुदृढ़ करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।

मुख्यमंत्री ने केशोपुर सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में गुरुवार को आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित और सुरक्षित भारत” के संकल्प को पूर्ण करने के लिए निरंतर कार्यरत हैं और दिल्ली के विकास से जुड़े हर विषय पर उन्होंने व्यक्तिगत रूप से सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के समर्थन से दिल्ली में जल एवं सीवरेज से जुड़ी 19 परियोजनाएं प्रारंभ की जा रही हैं, जिनमें आठ आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, भूमिगत पेयजल जलाशय और सीवर लाइन बिछाने के कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 1400 करोड़ रुपये की लागत से आठ एसटीपी बनाए जा रहे हैं, 99 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत जलाशयों का निर्माण और 300 करोड़ रुपये की लागत से सीवर लाइन व हाउस कनेक्शन दिए जा रहे हैं। इन योजनाओं से यमुना नदी में प्रदूषित जल का प्रवाह रुक सकेगा और दिल्ली के नागरिकों को स्वच्छ पेयजल व बेहतर सीवरेज सुविधा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों ने यमुना की स्वच्छता पर केवल घोषणाएं कीं, लेकिन कभी ठोस कार्य नहीं किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने यमुना की सफाई के लिए एक सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की, जिसके अंतर्गत 22 बड़े और 200 छोटे नालों पर एसटीपी निर्माण का कार्य चल रहा है। इन नालों की टैपिंग, सिल्ट सर्वे और ड्रोन सर्वे के माध्यम से प्रदूषण के स्रोतों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत और अमृत-2 योजनाओं के तहत केंद्र सरकार ने दिल्ली सरकार को लगभग 2000 करोड़ रुपये का सहयोग दिया है। दिल्ली सरकार ने अपने बजट से भी यमुना सफाई के लिए पर्याप्त निधि आवंटित की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान केवल एक पर्यावरणीय पहल नहीं, बल्कि दिल्लीवासियों की आस्था, संस्कृति और कर्तव्य का प्रतीक है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने यह भी घोषणा की कि इस वर्ष दिल्ली सरकार यमुना के तटों पर भव्य छठ पर्व का आयोजन करेगी, जिससे दिल्ली के पूर्वांचली समुदाय को अपनी आस्था मां यमुना के पावन घाटों पर व्यक्त करने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार केंद्र के सहयोग से राजधानी के प्रत्येक नागरिक तक स्वच्छ जल, सशक्त सीवर नेटवर्क और प्रदूषणमुक्त पर्यावरण पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मां यमुना हमारे विश्वास और अस्तित्व की प्रतीक हैं। इसे निर्मल, अविरल और जीवंत बनाना हमारी साझा जिम्मेदारी है। यह केवल सफाई का नहीं, बल्कि सेवा और संकल्प का अभियान है।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Most Popular

To Top