
रांची, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । स्वच्छता सर्वेक्षण 2025 में झारखंड के शहरों को मिले राष्ट्रीय सम्मान पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने भाजपा पर पलटवार किया है। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता विनोद कुमार पांडेय ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि राष्ट्रपति की ओर से जमशेदपुर और केंद्रीय मंत्री की ओर से बुंडू को सम्मानित किया जाना इस बात का प्रमाण है कि झारखंड हेमंत सरकार के नेतृत्व में सही दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने शासनकाल में नगर निकायों में फैले भ्रष्टाचार और विफलताओं का हिसाब देना चाहिए। संविधान के 4वें संशोधन पर भाजपा का भाषण देना हास्यास्पद है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने निकायों को अफसरशाही का अड्डा बनाया, वह आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है। झामुमो प्रवक्ता ने कहा कि भाजपा सिर्फ सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने का काम करती है, जबकि मौजूदा सरकार ने स्वच्छता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां दर्ज की हैं। जमशेदपुर को देशभर में तीसरा स्थान और बुंडू को प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर का खिताब मिलना राज्य के लिए गर्व का विषय है।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
