
नई दिल्ली, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख को जॉर्जिया में फिडे महिला विश्व शतरंज चैंपियन 2025 बनने पर बधाई दी है। दिव्या 19 साल की छोटी उम्र में फिडे महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। देशमुख ने अनुभवी हमवतन कोनेरू हम्पी पर टाई-ब्रेकर में जीत हासिल करके यह उपलब्धि हासिल की है।
राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर पोस्ट किया, “दिव्या देशमुख को मेरी हार्दिक बधाई, जो फिडे महिला विश्व कप जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनीं, वह भी मात्र 19 वर्ष की आयु में। कोनेरू हम्पी उपविजेता रहीं, और शतरंज विश्व चैंपियनशिप की दोनों फाइनलिस्ट भारत से थीं। यह हमारे देश में, विशेषकर महिलाओं में, प्रतिभा की प्रचुरता को दर्शाता है। मैं कोनेरू हम्पी के प्रति अपनी अत्यंत प्रशंसा व्यक्त करती हूं, जिन्होंने अपने शानदार करियर के दौरान उत्कृष्टता बनाए रखी है। मुझे विश्वास है कि ये दोनों महिला चैंपियन और भी गौरव हासिल करेंगी और हमारे युवाओं को प्रेरित करेंगी।”
प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया, “दो उत्कृष्ट भारतीय शतरंज खिलाड़ियों का एक ऐतिहासिक फ़ाइनल। युवा दिव्या देशमुख के फिडे महिला विश्व शतरंज चैंपियन 2025 बनने पर गर्व है। इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई, जो कई युवाओं को प्रेरित करेगी। कोनेरू हम्पी ने भी पूरी चैंपियनशिप में अपार कौशल का प्रदर्शन किया है। दोनों खिलाड़ियों को उनके भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।”
—————
(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार
