HEADLINES

प्रेरणा परिवार ने राजभवन में 251 सेवा बस्तियों की 5100 कन्याओं का पूजन कर दिया समरसता का संदेश

कन्या पूजन करती राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
कन्यापूजन कार्यक्रम में बैठी राज्यपाल आनंदीबेन पटेल,चंपत राय व क्षेत्र प्रचारक अनिल
राजभवन में कन्या पूजन

बेटियों का संरक्षण समाज के प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी: क्षेत्र प्रचारक माँ शब्द भारत की संसार को देन है: चंपत राय

लखनऊ, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । नवरात्र में प्रेरणा परिवार की ओर से गुरूवार को राजभवन प्रांगण में लखनऊ के आसपास क्षेत्रों के 251 सेवा बस्तियों से आयीं 5100 से अधिक कन्याओं का पूजन किया गया।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि हमें ​बेटियों के लिए काम करना चाहिए। हमारी बेटियां चरित्रवान, शीलवान व पढ़ी लिखी होनी चाहिए। राज्यपाल ने कहा कि निम्न मध्यम वर्ग तक हम अभी नहीं पहुंच पाये हैं। उनके बीच हमें बड़े पैमाने पर काम करने की जरूरत है। अभी भी बच्चे भिक्षाटन कर पेट भर रहे हैं।

इस अवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महामंत्री चंपत राय ने कहा कि बालिकाएं मां भगवती का स्वरूप होती हैं। नवरात्र के समय में देवी मां का पूजन पूरे देश में होता है। माँ शब्द भारत की संसार को देन है। हमारे यहां धरती माता, गो माता और गंगा माता का संबोधन करते हैं। जिसको सर्वाधिक सम्मान देना हो उसके साथ माँ शब्द का प्रयोग करते हैं। चंपत राय ने कहा कि आज 25 सितंबर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है। उन्होंने एकात्म मानववाद का दर्शन समाज को दिया। सम्पूर्ण समाज एक है। जैसे शरीर एक है, उसी प्रकार हमारा समाज भी एक है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल ने कहा कि बालिकाएं दुर्गा का स्वरूप हैं। उन्होंने कहा कि भारत के अन्दर सनातन परम्परा में नारी का विशेष महत्व है। भारत में बेटियों को देवी दुर्गा के रूप में देखा जाता है। उन्होंने कहा की बेटियों का संरक्षण समाज के प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी है। क्षेत्र प्रचारक ने कहा कि सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान चला रही है। अब समाज भी बालिका शिक्षा के प्रति जागरूक हो रहा है। क्षेत्र प्रचारक ने कहा कि बेटियों का संरक्षण कैसे हो सकता है। प्रत्येक बालिका का शिक्षा कैसे सुलभ हो सकती है। उनकी शिक्षा व स्वास्थ्य की चिंता करते हुए कैसे आगे बढ़ा सकते हैं। इसके लिए सबको प्रयास करने की जरूरत है।

प्रेरणा परिवार के अध्यक्ष गुंजित कालरा ने बताया कि मार्च 2024 में लखनऊ शहर के 11 युवा दंपतियों के सहयोग से प्रेरणा परिवार का गठन किया गया। प्रेरणा परिवार का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों को सनातनी परम्पराओं और मूल्यों से जोड़ना है। प्रेरणा परिवार के उपाध्यक्ष अक्षय खोसला, संयुक्त सचिव पीयूष सिंह चौहान, अभिनव भार्गव, यशवर्धन अग्रवाल और शरद जैन ने अतिथियों का स्वागत किया।

राजभवन पहुंचने पर कन्याओं का पांव प्रक्षालन के बाद तिलक कर और चुनरी भेंटकर उनका स्वागत किया गया। कन्याओं को माता की चुनरी, भोजन प्रसाद की थाली, दक्षिणा और उपहार स्वरूप कापी कलम व पुस्तक दी गयी। इस अवसर पर बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम व देवी गीत भी प्रस्तुत किये।

इन महानुभावों की रही उपस्थिती

इस अवसर पर प्रान्त प्रचारक कौशल, विश्व हिन्दू परिषद के क्षेत्र संगठन मंत्री गजेन्द्र सिंह, संघ के क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष, सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख मनोजकांत, क्षेत्र संघचालक कृष्ण मोहन, प्रान्त संघचालक सरदार स्वर्ण सिंह, कार्यक्रम के सर्व व्यवस्था प्रमुख प्रशान्त भाटिया, सामाजिक समरसता विभाग के प्रान्त संयोजक राजकिशोर, प्रान्त सम्पर्क प्रमुख गंगा सिंह, विभाग प्रचारक अनिल, विहिप के प्रान्त संगठन मंत्री विजय प्रताप,महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया, विराज सागर दास,राज्य सूचना आयुक्त पीएन द्विवेदी और डा. दिलीप अग्निहोत्री प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रेरणा परिवार की सचिव शिखा भार्गव व डा. भूपेन्द्र ने किया।

(Udaipur Kiran) / बृजनंदन

Most Popular

To Top