Chhattisgarh

मां भगवती देवी शर्मा जन्मशताब्दी समारोह की तैयारियां जोरों पर

कार्यशाला का शुभारंभ करते हुए अतिथिगण।
कार्यशाला में उपस्थित गायत्री परिवार के सदस्य।

धमतरी, 11 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । अखिल विश्व गायत्री परिवार शांतिकुंज हरिद्वार के मार्गदर्शन में मां भगवती देवी शर्मा की जन्मशताब्दी समारोह 2026 की तैयारियां पूरे देशभर में जोरों पर चल रही है। धमतरी जिले में भी कार्यशालाओं और वैदिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इसी क्रम में उपजोन खंडस्तरीय कार्यशाला का शुभारंभ आज शन‍िवार को सुबह 11 बजे गायत्री शक्तिपीठ धमतरी में हुआ।

कार्यशाला में धमतरी जिले के विभिन्न इकाइयों सोरिद, मुजगहन, हटकेश्वर, सुभाषनगर, गुजरा, आमदी, देमार, बठेना, दानीटोला, महिमा सागर, विंध्यवासिनी वार्ड, जालमपुर वार्ड तथा गोकुलपुर इकाई के गायत्री परिवार परिजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

इस अवसर पर मनहरन लाल साहू उपजोन संगठन समन्वयक, शशिकांत साहू एवं जितेंद्र पटेल की अगुवाई में सत्रों का संचालन किया गया। उन्होंने कहा कि मां भगवती देवी शर्मा का जीवन तप, साधना, और समाज परिवर्तन के आदर्शों से प्रेरित रहा है। उनकी जन्मशताब्दी समारोह का उद्देश्य उन मूल्यों को पुनः जागृत करना है, जिनसे समाज में एकता, सेवा और सद्भावना की भावना बढ़े।

जिले में होंगे विभिन्न वैदिक अनुष्ठान, सेवा कार्य

कार्यशाला में आगामी वर्ष 2026 के शताब्दी समारोह की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें बताया गया कि जन्मशताब्दी वर्ष के अंतर्गत पूरे जिले में विभिन्न वैदिक अनुष्ठान, सेवा कार्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रेरणादायक प्रवचन आयोजित किए जाएंगे। गायत्री परिवार के सदस्यों ने सामूहिक संकल्प लिया कि वे इस शताब्दी समारोह को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी पूरी निष्ठा से योगदान देंगे, ताकि समाज में पुनः सदाचार, सेवा और संस्कृति की ज्योति प्रज्वलित हो सके।

भगवती देवी शर्मा का व्यक्तित्व, शिक्षा समाज में आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक है

गायत्री शक्तिपीठ धमतरी के जिला समन्वयक दिलीप नाग ने बताया कि शताब्दी समारोह को यादगार बनाने के लिए तैयारियां जोरों पर हैं। नगरी, कुरूद, मगरलोड, भखारा और धमतरी शहर के सभी गायत्री परिजन उत्साहपूर्वक इसमें सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मां भगवती देवी शर्मा का व्यक्तित्व और उनकी शिक्षाएं समाज में आध्यात्मिक जागरण का प्रतीक हैं, जिन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना ही इस समारोह का मुख्य उद्देश्य है।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top