Jharkhand

राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर में डांडिया-गरबा महोत्सव की तैयारियां जोरों पर

गरबा का प्रशिक्षण लेती महिलाएं

रांची, 18 सितंबर (Udaipur Kiran) । प्रणामी ट्रस्ट के तत्वावधान में और नृत्य श्री डांस स्टूडियो कटहल मोड़ के सौजन्य से आगामी 25 सितंबर को श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर, पुंदाग परिसर में डांडिया और गरबा डांस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

इस रंगारंग सांस्कृतिक उत्सव की तैयारी को लेकर मंदिर परिसर में एक विशेष डांडिया-गरबा वर्कशॉप का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र की लगभग दर्जनों महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वर्कशॉप का उद्देश्य डांडिया और गरबा नृत्य की परंपरागत शैली को प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों तक पहुंचाना था, जिससे महोत्सव के दिन गरबा की प्रस्तुतियां और भी मनमोहक बन सकें।

प्रशिक्षण सत्र का संचालन नृत्य श्री डांस स्टूडियो की संयोजिका पिंकी सिंह और नृत्य प्रशिक्षक राम सोनी ने किया। दोनों ने महिलाओं को गरबा की मूलभूत मुद्राओं, ताल, लय और समूह समन्वय का गहन अभ्यास कराया। वर्कशॉप के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने लायक था। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी महिलाओं ने जब गरबा की पारंपरिक धुनों पर तालबद्ध कदमों से अभ्यास किया, तो मंदिर परिसर सांस्कृतिक रंग में सराबोर हो उठा। संयोजिका पिंकी सिंह ने बताया कि इस वर्कशॉप का उद्देश्य केवल नृत्य सिखाना नहीं, बल्कि सांस्कृतिक जागरूकता, महिला सशक्तिकरण और सामूहिक सहभागिता को भी प्रोत्साहित करना है।

गरबा और डांडिया जैसे लोकनृत्य समाज में एकता और समरसता के प्रतीक है। प्रणामी ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता संजय सर्राफ ने इस आयोजन को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की और बताया कि 25 सितंबर को होने वाला यह गरबा महोत्सव सभी आयु वर्ग के श्रद्धालू और नागरिकों के लिए खुला रहेगा। महोत्सव में पारंपरिक वेशभूषा, लाइव म्यूजिक और गरबा प्रतियोगिताओं के साथ कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी।

—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak

Most Popular

To Top