देहरादून, 08 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । पिथौरागढ़ जिले में 2 नवंबर को आदि कैलाश मैराथन आयोजित किया जाना है। मैराथन की तैयारियों को लेकर बुधवार को पर्यटन सचिव धीरज सिंह गर्ब्याल पिथौरागढ़ पहुंचे। उन्होंने लंदन फोर्ड क्षेत्र का निरीक्षण भी किया।
निरीक्षण के दौरान पर्यटन सचिव गर्ब्याल ने कहा कि आदि कैलाश मैराथन न केवल एक खेल आयोजन है, बल्कि यह क्षेत्र की सांस्कृतिक, धार्मिक और पर्यटन संभावनाओं को भी उजागर करता है। उन्होंने आयोजन की सभी तैयारियां समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंदन फोर्ड स्थित ऐतिहासिक किले के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की आवश्यकता पर बल देते हुए इसके परिसर को पर्यटकों के लिए आकर्षक और सुविधायुक्त रूप में विकसित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के ऐतिहासिक स्थलों का संरक्षण और विकास स्थानीय पर्यटन को नई ऊंचाइयां प्रदान कर सकता है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी, मेयर नगर निगम कल्पना देवलाल, मुख्य विकास अधिकारी डॉ दीपक सैनी, जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या, स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि और आयोजन समिति के सदस्य भी उपस्थित रहे।
—————–
(Udaipur Kiran) / विनोद पोखरियाल
