
जयपुर, 4 सितंबर (Udaipur Kiran) । राज्य सरकार द्वारा 15 सितम्बर से शहर चलो अभियान 2025 का आगाज किया जा रहा है। इसी को लेकर ग्रेटर और हेरिटेज निगम की ओर से जोन स्तर पर गुरुवार से वार्ड वाइज प्री कैम्प लगाने का शुभारंभ हुआ। प्री कैम्प को लेकर पहले दिन आमजन में उत्साह की कमी दिखी। इसके चलते प्री कैम्प स्थल पर समस्याओं को लेकर लोगों की संख्या में कम नजर आई, लेकिन कई शिकायतों का प्री कैम्प में हाथों-हाथ निस्तारण भी किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रेटर निगम के जगतपुरा जोन में लगाए गए शिविर में आवेदन करने के 15 मिनिट में ही विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया। इसके साथ ही झोटवाड़ा जोन में जन्म प्रमाण पत्र के लिए आवेदन करने पर जन्म प्रमाण पत्र तत्काल बनाने पर आवेदकों ने खुशी जाहिर की।
ग्रेटर निगम आयुक्त डॉ. गौरव सैनी ने बताया कि ये अभियान दो चरणों में आयोजित होंगे। प्रथम चरण के तहत 14 सितंबर तक प्री-कैम्प आयोजित किए जाएंगे तथा द्वितीय चरण के अंतर्गत 15 सितंबर से 2 अक्टूबर तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्री कैम्प का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। किशनपोल जोन और हवामहल जोन के वार्डो में शुरू प्री कैंप हेरिटेज निगम की ओर से गुरुवार को किशनपोल जोन के वार्ड 62,66 और हवामहल आमेर जोन में वार्ड 1,2,3 और 4 के निवासियों के लिए कैंप लगाए गए। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधि के सहयोग से निगम अधिकारियों ने कैंप में आए लोगों के आवेदनों को लिया।
वहीं निगम आयुक्तके निर्देश पर जोन उपायुक्त दिलीप भंभानी और सीमा चौधरी ने वार्डो में घूमकर लोगों को शहर चलो अभियान के बारे में जानकारी दी और लोगों से शिविरों में आने की अपील भी की। शुक्रवार को किशनपोल जोन के वार्ड 60,61,64,65 के कैंप चौकड़ी रामचंद्र जी स्थित सामुदायिक केंद्र में लगेंगे, वहीं हवामहल जोन के वार्ड 5,6,7 के कैंप इंदिरा गांधी सामुदायिक केंद्र पर प्री कैंप लगाया जाएगा। इन प्री कैंप में वार्ड के निवासी अपनी समस्याओं के लिए अधिकारियों से सीधे संवाद कर सकेंगे। कैंप का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा। निगम आयुक्त डॉ निधि पटेल ने शहर चलो अभियान 2025 की मॉनिटरिंग के लिए अतिरिक्त आयुक्त सुरेंद्र यादव को नोडल अधिकारी बनाया है। इसके अलावा आयुक्त ने ऑनलाइन पोर्टल पर आ रही शिकायतों के भी त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
—————
(Udaipur Kiran) / राजेश
