नई दिल्ली, 4 जुलाई (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा के सदस्य प्रवीन नेत्तारू हत्या मामले की जांच में एक महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। दो वर्षों से फरार एक प्रमुख आरोपित को शुक्रवार को कतर से लौटने पर कन्नूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। नेत्तारू की पोपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के एक सदस्य ने हत्या कर दी थी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी। आरोपित की पहचान अब्दुल रहमान के रूप में हुई है। हत्या में वे एक प्रमुख सहयोगी रहा है। उस पर चार लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह अब तक छह फरार आरोपितों में से एक था। अप्रैल 2025 में एनआईए द्वारा इस मामले में चार आरोपितों के विरुद्ध आरोप पत्र दाखिल किया गया था। अब तक कुल 28 लोगों के विरुद्ध आरोप पत्र दायर हो चुके हैं।
जांच में यह सामने आया कि अब्दुल रहमान ने निर्देशानुसार मुख्य हमलावरों और अन्य आरोपितों को शरण दी थी। हमले के बाद वह विदेश चला गया था।
प्रवीन नेत्तारू की हत्या 26 जुलाई 2022 को दक्षिण कन्नड़ जिले के सुल्या तालुक के बेल्लारे गांव में की गई थी। धारदार हथियारों से किए गए इस हमले को समाज में भय और अस्थिरता फैलाने के उद्देश्य से अंजाम दिया गया। जांच एजेंसी शेष फरार आरोपितों का पता लगाने के लिए अभियान चला रही है।
—————
(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा
