Uttar Pradesh

कांग्रेस खानदानी वोट चोर है: प्रकाश पाल

पत्रकारों से वार्ता करते प्रकाश पाल

कहा – राहुल गांधी बताएं कि क्या उनकी दादी का चुनाव फ्रेश था

झांसी, 28 अगस्त (Udaipur Kiran) । राजीव गांधी कहते थे कि बैलेट से वोट में गड़बड़ी हो रही है। राहुल गांधी ईवीएम पर आरोप लगाते हैं। ईवीएम से वोटर लिस्ट पर आ जाते हैं। दरअसल कांग्रेस खानदानी वोट चोर है। यह कहना है भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल का। वह गुरुवार को एमलसी चुनाव को लेकर मंडलीय बैठक करने आये थे और सर्किट हाउस में पत्रकारों के साथ वार्ता कर रहे थे।

कांग्रेस की वोट चोरी का उन्होंने उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि जब अंग्रेज देश छोड़कर जा रहे थे तब प्रधानमंत्री के लिए चुनाव हुए। 15 राज्यों के प्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री तय करना था। 15 में से 14 ने सरदार पटेल को वोट किया। एक ने किसी अन्य को वोट किया था। नेहरु को शून्य वोट मिला था। तब सरदार पटेल के वोट चोरी कर नेहरु प्रधानमंत्री बने। पहली वोट चोरी नेहरु ने किया। फिर 1951 में आम चुनाव हुए। जम्मू कश्मीर में चुनाव हो रहे थे। नेशनल काॅफ्रेंस चुनाव लड़ रही थी और कांग्रेस ने शेख अबदुल्ला को समर्थन किया था। प्रजा परिषद ने चुनाव का बहिष्कार किया। वहां इतनी मनमानी थी कि 13 पर्चे खारिज किए गए। और तब इतिहास बनाते हुए 75 की 75 सीटें शेख अब्दुल्ला ने जीती। नेहरु के समर्थन में शेख अब्दुल्ला ने वोट चोरी की। इसके बाद 52 का चुनाव हुआ। बाबा भीमराव अम्बेडकर उत्तर मुंबई से चुनाव लडे़। उनके 74333 वोट इनवेलिड घोषित कर दिए गए। उन्हें 14 हजार कुछ वोटों से चुनाव हराया गया। बाबा साहब के वोट चोरी कराने का काम कांग्रेस ने किया।

1971 में इंदिरा गांधी रायबरेली से चुनाव लड़ी। उसमें धांधली का आरोप लगाकर हाईकोर्ट में अपील की गई। गलत तरीके से इंदिरा गांधी को जीतने का दोषी मानकर चुनाव रद्द कर दिया गया। इस पर इंदिरा गांधी ने देश को आपातकाल में झोंक दिया। राहुल गांधी बताएं उनकी दादी का चुनाव फ्रेश था। दादी व नेहरु सभी ने वोट चोरी की। ये खानदानी वोट चोर हैं। 89 में राजीव गांधी को जब कम सीटें मिली तो उन्होंने कहा था कि ऐसा हो ही नहीं सकता कि इतनी कम सीटें मिलें। तभी उन्होंने कहा था कि बैलेट से चुनाव नहीं होना चाहिए। ये ईवीएम का प्रस्ताव राजीव गांधी लाए। अब उनके पुत्र ईवीएम को दोषी बता रहे हैं। अब वोटर लिस्ट बता रहे। दिल्ली में केजरीवाल से कभी नहीं कहा न ही कभी पश्चिम बंगाल में कहने गए। बंगाल में शून्य सीटें पाई है। कभी विरोध नहीं किया। उन्हीं के नेता अधीर रंजन ने कहा कि ममता बैनर्जी ने 35-40 लाख वोट फर्जी बनवाए है। जब आयोग कहता है कि शपथ पत्र दो तो भाग जाते हैं। केवल माहौल खराब करते हैं। सभी संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़ा करना आदत हैं। सब समझ रहे कि केवल नैरेटिव सेट कर रहे हैं। खुद नेशनल हैराल्ड मामले में जमानत पर हैं। उनके दामाद जमीन चोर हैं। यदि बिहार की जनता ने कह दिया कि जमीन चोर बिहार छोड़ तो क्या होगा? कांग्रेस बताए क्या घुसपैठिये वोटर रहने चाहिए। इस सवाल पर कांग्रेस को सांप सूंघ जाता है। भाजपा नहीं चाहती कि कोई घुसपेंठिया वोटर हो जबकि कांग्रेस यही चाहती है।

इस अवसर पर उनके साथ संत विलास शिवहरे,महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार,जिला अध्यक्ष प्रदीप पटेल,उरई जालौन अध्यक्ष उर्विजा दीक्षित,ललितपुर जिलाध्यक्ष हरिश्चन्द्र रावत , सहजेन्द्र वघेल,अशोक राठौर, आदि तमाम लोग उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top