Haryana

हरियाणा में प्रजापति समाज को मिली नई पहचान व कानूनी मजबूती

कककक

-कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री ने लाभार्थियों को सौंपे भूमि के पात्रता प्रमाण पत्र

-प्रदेश के 22 जिलों में 1 लाख परिवारों को मिला मिट्टी खुदाई का अधिकार

चंडीगढ़, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रजापति समाज से आह्वान किया कि वे अपनी पारंपरिक कला को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उसे और सशक्त बनाएं। साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ उठाते हुए नई तकनीकों को अपनाकर एवं अपने उत्पादों की गुणवत्ता एवं आकर्षण बढ़ाकर बाजार की मांग के अनुरूप कार्य करते हुए आगे बढ़ें।

मुख्यमंत्री बुधवार को कुरुक्षेत्र में प्रजापति समाज के परिवारों को पात्रता प्रमाण पत्र वितरण हेतु आयोजित एक राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी 22 जिलों में एक साथ आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 1,00,000 परिवारों को भूमि पात्रता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। योजना के तहत लगभग 1,700 गांवों में प्रजापति समाज को मिट्टी खुदाई का सामूहिक अधिकार देने हेतु पात्रता प्रमाण पत्र जारी किए गए।

यह प्रमाण पत्र ग्राम शामलात भूमि नियमावली 1964 के अंतर्गत प्रदान किए गए हैं। यह न केवल भूमि के उपयोग का अधिकार देते हैं, बल्कि प्रजापति समाज के लोगों को अपने कार्य को निर्बाध रूप से संचालित करने की कानूनी शक्ति भी प्रदान करते हैं। इन प्रमाण पत्रों के माध्यम से प्रजापति समाज के लोगों को अपनी कला को नई दिशा देने का अवसर मिलेगा, उनके सपनों को नए पंख लगेंगे और अब उन्हें अपने उत्पाद निर्माण के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

उल्लेखनीय है कि गत 13 जुलाई को भिवानी में आयोजित दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रजापति समाज को भूमि पात्रता प्रमाण पत्र प्रदान करने का संकल्प लिया था, जिसे मात्र एक माह के भीतर पूरा किया गया है। यह राज्य सरकार की कार्यशैली का प्रमाण है, जिसमें कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है।

उन्होंने कहा कि पहले प्रत्येक गांव में प्रजापति समाज के लिए मिट्टी लेने हेतु पर्याप्त भूमि उपलब्ध होती थी, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस शासनकाल में तो प्रजापति समाज के कार्यस्थलों पर कब्जे तक कर लिए गए। गांवों में 100-100 वर्ग गज के प्लॉट देने का दिखावटी वादा किया गया, और वे प्लॉट उसी भूमि पर काटे गए जहां प्रजापति समाज अपनी रोज़ी-रोटी कमाता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश की जनता से किए गए 217 संकल्पों में से 41 संकल्प पूरे कर लिए हैं और वर्ष के अंत तक 90 अन्य संकल्प पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिलाओं को मात्र 500 रुपये में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाया जा रहा है, जिससे वर्तमान में 18 लाख पात्र परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top