Sports

सिंकफील्ड कप : लगातार ड्रॉ के बाद भी प्रज्ञानानंद संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद

सेंट लुईस (अमेरिका), 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने सिंकफील्ड कप (ग्रैंड चेस टूर का हिस्सा) के छठे दौर में पोलैंड के जान-क्रिज़स्टॉफ़ डूडा से ड्रॉ खेला। यह उनका लगातार पांचवां ड्रॉ रहा। इस नतीजे के बाद प्रज्ञानानंद 6 मुकाबलों में 3.5 अंक लेकर संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर बने हुए हैं।

अमेरिकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारुआना 4 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बने हुए हैं और उन्होंने आधे अंक की बढ़त बनाए रखी है। प्रज्ञानानंद के साथ अमेरिका के लेवोन अरोनियन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, विश्व चैंपियन डी. गुकेश 3 अंकों के साथ चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से बने हुए हैं। उनके साथ अमेरिका के वेस्ली सो, सैमुअल सेवियन और फ्रांस के अलीरेज़ा फिरोज़जा तथा मैक्सिम वाशिए-लाग्रेव भी शामिल हैं।

छठे दौर में गुकेश ने फिरोज़जा के खिलाफ मुश्किल स्थिति से मैच ड्रॉ कराया। कारुआना और सेवियन, अब्दुसत्तोरोव और वाशिए-लाग्रेव, अरोनियन और वेस्ली – सभी मुकाबले ड्रॉ रहे। यह लगातार दूसरा दिन रहा जब सभी खेल बराबरी पर खत्म हुए।

डूडा के खिलाफ प्रज्ञानानंद ने सिसिलियन डिफेंस के खिलाफ अलापिन वेरिएशन अपनाया और थोड़ी बढ़त बनाई। हालांकि डूडा के रूख बलिदान के बाद खेल संतुलित हो गया और प्रज्ञानानंद को ड्रॉ स्वीकार करना पड़ा। यह मुकाबला सिर्फ 32 चालों तक चला।

गुकेश ने किंग पॉन ओपनिंग खेली और सिसिलियन डिफेंस का सामना किया। बीच के खेल में उन्होंने एक प्यादा गंवाया, लेकिन शानदार बचाव के दम पर माइनर पीस एंडगेम में मैच ड्रॉ कराने में सफल रहे।

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Most Popular

To Top