
अररिया, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) ।
नरपतगंज प्रखंड और अंचल कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार और बिचौलिया राज है।ये आरोप सामाजिक कार्यकर्ता प्रभात यादव ने लगाते हुए मोर्चा खोल दिया है। उनका आरोप है कि जाति, आय, निवास प्रमाणपत्र से लेकर वृद्धा, विधवा और विकलांग पेंशन तक हर योजना में दलाल सक्रिय हैं।
यहां तक कि प्रधानमंत्री आवास योजना में भी 20 से 25 हजार रुपये तक की अवैध वसूली हो रही है। प्रभात यादव ने आरोप लगाया कि बिना लेन-देन के आम जनता का कोई भी काम समय पर नहीं होता। अंचल कार्यालय की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि दाखिल-खारिज और परिमार्जन जैसे मामलों में भी लोगों को महीनों चक्कर लगाने पड़ते हैं। कई बार कानूनी रूप से स्पष्ट मामलों में भी फाइलें तब तक नहीं बढ़तीं जब तक संबंधित व्यक्ति निर्धारित राशि न चुका दे। उनका कहना है कि भू-अधिकार से जुड़ा हर नागरिक इस भ्रष्टाचार का शिकार है।
कार्यालयों के भीतर बैठा स्टाफ और बाहर सक्रिय दलाल मिलकर आम लोगों के अधिकारों की खुली नीलामी कर रहे हैं। इस परिस्थिति के मद्देनज़र श्री यादव ने एक हेल्पलाइन नंबर 8210281133 जारी किया है। उन्होंने कहा कि ब्लॉक, अंचल, थाना या अस्पताल से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए क्षेत्रवासी सीधे इस नंबर पर संपर्क करें। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी दी कि कार्यशैली में पारदर्शिता लाएं, अन्यथा जनता के न्यायिक आंदोलन के लिए तैयार रहें। उन्होंने कहा कि प्रखंड और अंचल कार्यालय के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा।जिसमें हर पंचायत और वार्ड स्तर पर जन निगरानी समिति का गठन किया जाएगा, जो सरकारी दफ्तरों की कार्यप्रणाली पर निगरानी रखेंगी।
(Udaipur Kiran) / राहुल कुमार ठाकुर
