
रांची, 20 जून (Udaipur Kiran) । राजधानी रांची में लगातार हो रही बारिश ने जहां गर्मी से राहत दी, वहीं बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। राजधानी रांची के कई हिस्सों समेत गुमला, बोकारो लोहरदगा, खूंटी, चाईबासा और गढ़वा अन्य जिलों में बिजली चरमरा गई है। यहां घंटों बिजली आपूर्ति ठप है। जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
बारिश के साथ तेज आंधी और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं से कई बिजली की पोल और तार गिर गये है। सुदूरवर्ती क्षेत्रों में मरम्मत कार्य देर रात तक नहीं हो सका, जिससे गांवों में अंधेरा पसरा रहा।
वहीं खबर लिखे जाने तक रांची शहर में मेन रोड, अशोक नगर, हरमू, लालपुर क्षेत्र में कई घंटों तक बिजली नहीं थी। जबकि सिसई (गुमला), तमाड़ (रांची), बसेरिया (लोहरदगा) और बकसपूर (खूंटी) जैसे गांवों में 12 से 18 घंटे तक बिजली गुल रही।
कामेश्वर कहते हैं कि बिजली नहीं रहने से रातभर बच्चों और बुजुर्गों को मच्छरों ने परेशान किया।
नामकुम निवासी कमला देवी ने बताया कि बारिश होते ही बिजली चली जाती है। विभाग सिर्फ शिकायत लेता है, समाधान नहीं करता।
झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेवीएनएल) के अधिकारियों ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण कई जगह तार और ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। पूरी टीम मरम्मत कार्य में लगी है। जल्द आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
