CRIME

नहर में मिली लाश का खुलासा, पुलिस ने महिला व उसके बेटे काे किया गिरफ्तार

गिरफ्त में हत्याराेपित

महासमुंद, 15 सितंबर (Udaipur Kiran News) । जिले के ग्राम बेमचा की नहर में 11 सितंबर को एक नग्न अवस्था में लाश मिली थी। शव की हालत बेहद वीभत्स थी, गला रेता हुआ, गुप्तांग कटा हुआ और चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त था। तीन दिन चली तफ्तीश के बाद पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली है।

मृतक की पहचान ग्राम पचेडा निवासी पिलेश्वर साहू (35 वर्ष) के रूप में हुई। वह मूलतः थाना खल्लारी का रहने वाला था और पिछले पांच वर्षों से अपनी पत्नी व बच्चों को छोड़कर बेमचा की देवकी बघेल (45 वर्ष) के साथ रह रहा था। पुलिस ने इस मामले में देवकी बघेल और उसके बेटे सुरेश बघेल (उम्र 21 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने साेमवार काे खुलासा करते हुए बताया कि मृतक का आरोपित महिला से अवैध संबंध था। समय बीतने के साथ पिलेश्वर साहू न केवल महिला के घर पर दबदबा बनाने लगा बल्कि उसके पारिवारिक मामलों में भी दखल देने लगा। यही बात महिला और उसके बेटे को नागवार गुज़री। परेशान होकर मां-बेटे ने मिलकर उसकी हत्या की योजना बनाई।

उन्हाेंने बताया कि 9 सितंबर को आरोपिताें ने पिलेश्वर साहू को अपने घर बुलाया। वहां पहले उसे रस्सी से चारपाई पर बांधा गया। इसके बाद सब्जी काटने वाले चाकू से उसका गला रेत दिया गया। हत्या के दौरान मुंह में कपड़ा ठूंस दिया गया ताकि चीख सुनाई न दे सके।

हत्या के बाद महिला के बेटे सुरेश ने मृतक का गुप्तांग काट दिया, वहीं महिला ने पेचकस से उसकी आंख पर वार किया। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर मुरुम का बड़ा पत्थर पटक दिया गया। इसके बाद शव को घसीटते हुए नहर तक ले जाकर फेंक दिया गया।

पुलिस ने आरोपिताें की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए चाकू, रस्सी, पेचकस और अन्य सामान जब्त कर लिया है। आरोपिताें के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।

लाश मिलने के बाद पुलिस ने तीन अलग-अलग टीम गठित कर जांच शुरू की थी। पड़ताल के दौरान पता चला कि पचेडा निवासी पिलेश्वर साहू 8 सितंबर से ड्यूटी पर नहीं गया था और अक्सर देवकी बघेल के घर आता-जाता था। परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई, जिसमें उसकी पहचान की पुष्टि हुई। पुलिस ने देवकी बघेल और उसके बेटे सुरेश बघेल को गिरफ्तार कर आज कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

(Udaipur Kiran) / चन्द्र नारायण शुक्ल

Most Popular

To Top