



भोपाल, 17 सितम्बर (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि आज मध्य प्रदेश को बड़ी सौगात मिली है। धार की धरती पर बनने वाले देश के पहले और सबसे बड़े पीएम मित्र पार्क से देश की अर्थव्यवस्था को नया आधार मिलेगा। यह पार्क पूरे मध्य प्रदेश के विकास को नई गति देगा और यहां होने वाले निवेश से प्रदेश की अर्थव्यवस्था एक नए दौर में प्रवेश करेगी। मध्य प्रदेश विकास की नई इबारत भी लिखेगा। उन्होंने कहा कि कपड़ा उद्योग से ही देश के विकास को नई मजबूती मिलेगी। पीएम मित्र पार्क देश की टेक्सटाइल इंडस्ट्री में नए ट्रांसफार्मेशन की राह खोलेगा। हम देश में 7 पीएम मित्र पार्क स्थापित करने जा रहे हैं और इनके जरिए हम भारत को विश्व का टेक्सटाईल-हब बनाएंगे। इन पीएम मित्र पार्कों में बुना जाने वाला धागा, सिर्फ किसानों का ही नहीं, बल्कि पूरे देश के विकास का नया ताना-बाना बुनेगा।
प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को मध्य प्रदेश के धार जिले की बदनावर तहसील के भैंसोला गांव में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने यहां पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास किया। साथ ही ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ महाअभियान, आठवें ‘राष्ट्रीय पोषण माह’, ‘आदि सेवा पर्व’ का शुभारंभ कर ‘सुमन सखी चैटवॉट’ को लॉन्च किया। प्रधानमंत्री ने ‘प्रधानमंत्री मातृ वंदना’ योजना के तहत देशभर की 15 लाख से अधिक महिला हितग्राहियों को 450 करोड़ रुपये से अधिक की प्रसूति सहायता राशि सिंगल क्लिक के जरिए उनके खाते में अंतरित की। उन्होंने ‘एक बगिया मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की दीदी लक्ष्मी डोडियार को अमरूद का पौधा भेंट किया। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन के तहत आराधना कलमी को एक करोड़वां सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग कार्ड प्रदान किया। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार महाअभियान के अंतर्गत 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर में एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर उपस्थित रहीं।
गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना ही मेरी पूजा, मेरा प्रण : मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत सिर्फ हमारा संकल्प नहीं है, बल्कि यह भारत के सुनहरे भविष्य के निर्माण का यज्ञ है। यह यज्ञ तभी पूर्ण होगा, जब इसमें सबकी आहुति और सबका योगदान शामिल होगा। उन्होंने कहा कि सबके साथ से हम सबके विकास के लिए संकल्पित हैं। पिछले 11 वर्ष जनकल्याण को समर्पित रहे। गरीब के चेहरे पर मुस्कान लाना ही मेरी इष्ट-पूजा और मेरा प्रण है। हमारे समर्पित प्रयासों से पिछले 11 साल में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी के जीवन से बाहर आए हैं, जिससे पूरे समाज को एक नया आत्मविश्वास मिला है, यही हमारा इनाम भी है। उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार की प्रगतिशीलता और अवसर का भरपूर लाभ उठाने की उदात्त मंशा की सराहना करते हुए कहा कि धार का यह पीएम मित्र पार्क आने वाले समय में दूसरे राज्यों के लिए एक नजीर बनेगा।
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा कि हमें अपने जीवन में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ाना चाहिए। इसी से हमारे किसानों, काश्तकारों और श्रमिकों के जीवन में समृद्धि आयेगी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वदेशी को ही आजादी का हथियार बनाया था। अब हमें इसे विकसित भारत का आधार बनाना है इसलिए हम छोटी-बड़ी जो भी चीजें खरीदें, सबसे पहले देखें कि क्या यह देश में बनी है या नहीं। देश का पैसा देश में रहेगा, तो विकास को नई गति मिलेगी। यही पैसा देश के विकास और गरीब कल्याण की योजनाओं में काम आता है। देश के मध्यम वर्ग के सपनों को पूरा करने के लिए बहुत धन की जरूरत है। स्वदेशी से पैदा होने वाले रोजगार का लाभ युवाओं को मिलेगा।
स्वदेशी वस्तुओं पर गर्व करें
उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पहले दिन 22 सितंबर से पूरे देश में जीएसटी की नई दरें लागू होने जा रही हैं। राज्य सरकारें इसके लिए स्वदेशी जागरण अभियान चलाएं जिससे नागरिक स्वदेशी वस्तुएं खरीदकर इसका भरपूर लाभ उठा सकें। राज्य सरकार और व्यापारी मिलकर सुनिश्चित करें कि पर्वों के दौरान हर दुकान पर इस आशय का बोर्ड लगा होना चाहिए कि ‘गर्व से कहो, ये स्वदेशी है’। हम सभी स्वदेशी वस्तुओं पर गर्व करें। उन्होंने कहा कि भारत एक ऐसे नए दौर की ओर बढ़ रहा है, जहां सबके विकास का प्रबंध हो, हर हाथ को काम मिले और सबके जीवन में समृद्धि का वास हो।
रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे
प्रधानमंत्री ने कहा कि महेश्वरी साड़ी मध्य प्रदेश की पहचान रही है। धार में पीएम मित्र पार्क के माध्यम से हम देवी अहिल्याबाई नारी सशक्तिकरण मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं। मप्र में उच्च कोटि का कपास उपलब्ध है। इस पार्क से कपड़ा उद्योग की वैल्यू चैन इसी जगह उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि टेक्सटाइल सेक्टर में धार पूरे देश में चमकने वाला है। फाइव-एफ विजन- ‘फार्म टू फाइबर, फाइबर टू फैक्ट्री, फैक्ट्री टू फैशन और फैशन से फॉरेन’ पर काम जारी है। उन्होंने हर्ष जताते हुए कहा कि मध्य प्रदेश के पीएम मित्र पार्क की 80 प्रतिशत जमीन निवेशक कम्पनियों को आवंटित की जा चुकी है। इस पार्क के निर्माण से मध्य प्रदेश में तीन लाख से अधिक रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक आसान होगी। इससे हमारे प्रोडक्ट सस्ते बनेंगे और किसानों और कारीगरों को अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने पार्क के लिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
विकसित भारत का रास्ता आत्मनिर्भर भारत से होकर जाता है
प्रधानमंत्री ने विभिन्न केन्द्रीय योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम विश्वकर्मा योजना का लाभ देश के 30 करोड़ से अधिक भाई-बहनों को मिल चुका है। हमने छोटे कामगारों के हुनर को आगे बढ़ाया है। जो विकास में पिछड़ा है, उन्हें मुख्य धारा में लाना ही हमारी प्राथमिकता है। धार स्व. कुशाभाऊ ठाकरे की जन्म स्थली भी है। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को हमें जीवन में उतारना है। देशवासियों से प्रार्थना है कि जो भी खरीदें, वो स्वदेशी ही होना चाहिए। जो भी खरीदें, उसमें हिन्दुस्तान की मिट्टी की महक और देशवासी की ही मेहनत होनी चाहिए। हमें वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाना है। विकसित भारत का रास्ता आत्मनिर्भर भारत से होकर जाता है इसलिए विकसित भारत के निर्माण में देश के व्यापारी भी हमारे साथ आएं।
नया भारत दुश्मनों को घर में घुसकर मारता है
उन्होंने ज्ञान की देवी और भोजशाला की मां वाग्देवी के चरणों में नमन करते हुए कहा कि धार की धरती हमेशा से पराक्रम और प्रेरणा की रही है। महाराजा भोज का शौर्य हमें राष्ट्र रक्षा के लिए डटे रहने की सीख देता है। महर्षि दधीचि का त्याग हमें मां भारती की सेवा के लिए प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने मां-बहनों का सिंदूर उजाड़ा था, उन्हें ध्वस्त कर दिया गया है। हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। कल ही एक पाकिस्तानी आतंकी ने दुनिया को रो-रोकर अपना हाल बताया। नया भारत किसी की परमाणु धमकी से डरने वाला नहीं है। यह नया भारत है, जो दुश्मनों को घर में घुसकर मारता है।
17 सितंबर ऐतिहासिक अवसर
प्रधानमंत्री ने कहा कि 17 सितंबर एक और ऐतिहासिक अवसर है। आज ही के दिन देश ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की फौलादी इच्छा शक्ति का उदाहरण देखा था। भारतीय सेना ने हैदराबाद को अत्याचारों से मुक्त कराया था। यह देश के लिए बड़ी उपलब्धि थी। सेना के इतने बड़े शौर्य को कई दशक बीत गए, लेकिन कोई याद करने वाला नहीं था। हमारी सरकार ने इस घटना को अमर कर दिया है। हमने भारत की एकता के प्रतीक इस दिन को ‘हैदराबाद लिबरेशन-डे’ मनाने की शुरुआत की है। हैदराबाद में भी आज कार्यक्रम हो रहा है।
विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हमने 140 करोड़ लोगों ने विकसित भारत का संकल्प लिया है। इसके चार प्रमुख स्तंभ है। गरीब, किसान, नारी और युवा। आज इन चारों स्तंभों को नई मजबूती देने का काम हुआ है। इस आयोजन में नारी शक्ति का बहुत ध्यान रखा गया है। धार से यह कार्यक्रम देशभर की माताओं के लिए हो रहा है। यहां से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार महा-अभियान का शुभारंभ हुआ है। आज मध्यप्रदेश की भूमि से देशभर में ‘आदि सेवा पर्व’ शुरू हो रहा है, जो जनजातीय वर्ग को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ेगा। आज विश्वकर्मा जयंती पर देश के सबसे बड़े इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल पार्क का शिलान्यास हुआ है। इससे क्षेत्रीय किसानों को उनकी कपास सहित अन्य उपजों का सही मूल्य मिलेगा। युवाओं को भरपूर रोजगार मिलेगा। प्रदेश के औद्योगिक अभियान को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं और अभियानों के लिए देश और मध्य प्रदेश के निवासी विशेष बधाई के पात्र हैं।
नारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी नारी शक्ति राष्ट्र की प्रगति का मुख्य आधार है। घर में मां ठीक रहे, तो पूरा घर ठीक रहता है। मां बीमार हो जाए, तो पूरे परिवार की व्यवस्थाएं चरमरा जाती हैं। इसीलिए ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’ अभियान माताओं बहनों के उज्ज्वल भविष्य को समर्पित है। इस अभियान में स्वास्थ्य शिविर लगाकर बीपी, शुगर, कैंसर जैसी बीमारियों की जांच की जाएगी। उन्होंने माताओं-बहनों से अपील करते हुए कहा कि वे बिना किसी संकोच के इन स्वास्थ्य शिविरों में जांच जरूर कराएं। इन सभी शिविरों में महंगी से महंगी जांच मुफ्त होगी और दवाइयां भी मुफ्त मिलेंगी। नारियों के उत्तम स्वास्थ्य के लिए सरकार के खजाने में कोई कमी नहीं है। आने वाले समय में आयुष्मान कार्ड का सुरक्षा कवच बड़े काम आएगा। माताएं-बहनें थोड़ा समय अपने स्वास्थ्य के लिए भी निकालें। अभियान में लाखों कैंप लगेंगे। आज से ही बड़ी संख्या में जांच शुरू हो गई हैं। कोई मां-बेटी जांच से छूट न जाए, हम सभी को यह संकल्प लेना होगा।
———————-
(Udaipur Kiran) तोमर
