
ऊना, 25 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन साेमवार काे जिला कार्यालय ऊना में किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इस महत्वपूर्ण बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल और पायल वैद्य सहित तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए।
पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वर्ष 2022 में आई कांग्रेस सरकार एक आपदा सरकार बनकर उभरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया, 2000 से अधिक संस्थाएं बंद कर दी गईं और झूठी गारंटियों के माध्यम से जनता को गुमराह किया गया। पशु मित्र जैसी नियुक्तियों को बेरोजगार युवाओं के साथ मज़ाक करार दिया।
भाजपा मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले सत्र में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पार्टी की पिछली कार्यकारिणी के कार्यक्रमों का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। उन्होंने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण महा अभियान, सेवा पखवाड़ा और तिरंगा यात्रा जैसे अभियानों की विस्तार से चर्चा की।
डॉ. बिंदल ने बताया कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने हिमाचल की सभी चार सीटों पर विजय प्राप्त की और 68 विधानसभा क्षेत्रों में से 61 पर बढ़त हासिल की। उन्होंने आगामी 2027 के विधानसभा चुनावों में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का संकल्प दोहराया। साथ ही 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प भी व्यक्त किया।
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत एवं नगर निकाय चुनावों में पूरी ताकत झोंकने का आह्वान किया। उन्होंने संगठनात्मक एकता और राष्ट्र प्रथम की भावना को सर्वोपरि रखते हुए कार्यकर्ताओं को जीत सुनिश्चित करने का संकल्प दिलाया।
बैठक में आगामी सेवा पखवाड़ा अभियान (17 सितंबर – 2 अक्टूबर) की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई, जिसमें संजीव कटवाल को संयोजक नियुक्त किया गया। साथ ही संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित शताब्दी समारोहों की योजना भी बनाई गई। इस कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा होंगे।
प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने जनप्रतिनिधियों के साथ योजनाओं, सामाजिक कार्यक्रमों और मीडिया प्रबंधन पर चर्चा क, जबकि सह प्रभारी संजय टंडन ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
कार्यशाला का समापन भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने प्रश्नोत्तर सत्र के साथ किया। इस बैठक में सभी नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारी, 17 जिला अध्यक्ष और 171 मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत करने और भ्रष्टाचार मुक्त शासन की स्थापना का संकल्प लिया।
—————
(Udaipur Kiran) शुक्ला
