Delhi

पौधे लगाना सिर्फ कार्यक्रम नहीं, भविष्य का निवेश हैः महापौर

दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ पौधे लगाते हुए

नई दिल्ली, 11 अगस्त (Udaipur Kiran) । दिल्ली के महापौर राजा इकबाल सिंह ने सोमवार को बीएसएफ कैंप छावला में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में हिस्सा लिया और एक पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि दिल्ली के पर्यावरण, हवा और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य में निवेश है।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने कहा कि आज का दिन दिल्ली के हरित इतिहास में दर्ज होने वाला है। सिर्फ एक घंटे में इस परिसर में एक हजार पौधे और दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में एक लाख पौधे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह भव्य वृक्षारोपण अभियान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान ‘एक पेड़ मां के नाम’ को साकार करता है।

उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य समाज और राष्ट्र की भलाई के लिए पेड़ लगाना है, जो सैनिकों की तरह देश की सेवा करते हैं। पेड़ ऑक्सीजन प्रदान करके पर्यावरण की रक्षा करते हैं, जैसे सैनिक सीमाओं पर देश की सुरक्षा करते हैं।

इकबाल सिंह ने कहा कि लोग प्रकृति और हरियाली देखने के लिए पहाड़ों और जंगलों में जाते हैं, लेकिन दिल्ली में ही पर्याप्त पेड़ हों, तो यहीं प्रकृति का आनंद ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा और अच्छी ऑक्सीजन के लिए पेड़ों की जरूरत है, जो जीवन के लिए अनिवार्य है।

महापौर ने कहा कि यह वृक्षारोपण ड्राइव एक जागरूकता अभियान है। जो हर नागरिक को प्रेरित करती है कि वह अपने हिस्से का एक पौधा अवश्य लगाए।

राजा इकबाल सिंह ने कहा कि दिल्ली सरकार और नगर निगम स्वच्छ दिल्ली के संकल्प के साथ युद्ध स्तर पर काम कर रहे हैं। यह एक स्वच्छ, सुंदर और हरित दिल्ली की दिशा में एक कदम है।

इस कार्यक्रम में उपमहापौर जय भगवान यादव के साथ बीएसएफ आईजी संजय गौड़ और डीआईजी पीएस भट्टी भी मौजूद रहें।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top