HEADLINES

फिलिपीन्स के राष्ट्रपति का भारत दौरा

नई दिल्ली, 31 जुलाई (Udaipur Kiran) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर फिलिपीन्स के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस भारत का आधिकारिक दौरा करेंगे। यह दौरा 4 से 8 अगस्त तक होगा। इस दौरान राष्ट्रपति मार्कोस के साथ उनकी पत्नी लुइस अरानेटा मार्कोस और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आएगा। राष्ट्रपति मार्कोस बेंगलुरु का भी दौरा करेंगे।

यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने आज दी। मंत्रालय की तरफ से बताया गया कि राष्ट्रपति मार्कोस का यह भारत का पहला दौरा है। इस यात्रा के दौरान 5 अगस्त को प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मार्कोस के बीच द्विपक्षीय वार्ता होगी। इसके अलावा राष्ट्रपति मार्कोस राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी मिलेंगे। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर भी राष्ट्रपति मार्कोस से मुलाकात करेंगे।

उल्लेखनीय है कि भारत और फिलिपीन्स के बीच कूटनीतिक संबंध नवंबर 1949 में स्थापित हुए थे। तब से दोनों देशों ने व्यापार, निवेश, रक्षा, सुरक्षा, समुद्री सहयोग, कृषि, स्वास्थ्य, औषधि और डिजिटल प्रौद्योगिकियों जैसे कई क्षेत्रों में मजबूत भागीदारी विकसित की है। दोनों देश क्षेत्रीय स्तर पर भी निकटता से जुड़े हुए हैं। इसमें भारत की आसियान के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी शामिल है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनूप शर्मा

Most Popular

To Top