पौड़ी गढ़वाल, 9 सितंबर (Udaipur Kiran) । शहर में वार्ड नंबर 3 में च्वींचा गांव से वाल्मीकि बस्ती, बीआर मॉडर्न स्कूल सहित एजेंसी चौक जाने वाले मार्ग की स्थिति खस्ताहाल बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीते 2 साल से मार्ग की स्थिति बदहाल बनी हुई है। कई बार नगर पालिका प्रशासन को शिकायत करने के बाद भी मार्ग का सुधारीकरण नहीं किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने 15 दिन के भीतर मार्ग के सुधारीकरण को लेकर कार्य नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्थानीय निवासी त्रिलोक सिंह, शिवानी रावत आदि ने बताया कि इस मार्ग की बदहाल स्थिति से वार्डवासियों को आवाजाही करने में कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि मार्ग पर जगह-जगह गडढे होने से दोपहिया वाहन चालकों, पैदल यात्री और स्कूली छात्र-छात्राओ को हर दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बताया कि मार्ग पर सुरक्षा के लिए लगाई गई रेलिंग भी जगह जगह उखड़ चुकी है और रास्ते में बनी पुलिया में भी सुरक्षा मानकों का ख्याल नहीं रखा गया है। कहा कि इस मार्ग पर कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती है।
बताया कि मार्ग की बदहाली को लेकर कई बार नगर पालिका के चक्कर काट चुके हैं लेकिन नगर पालिका ने अब तक मार्ग के निरीक्षण तक की जहमत नहीं उठाई। जिसके चलते लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर है। कहा कि 15 दिन के भीतर मार्ग की सुध नहीं लिए जाने पर वार्डवासी नगर पालिका के बाहर धरना देंगे।
(Udaipur Kiran) / कर्ण सिंह
