Madhya Pradesh

मध्य प्रदेश में निरंतर हो रहे हैं गो संरक्षण एवं गो संवर्धन के कार्य : मंत्री पटेल

राज्यमंत्री लखन पटेल

– 2 अक्टूबर से प्रारंभ होगा दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान

भोपाल, 23 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मध्य प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विकास राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में निरंतर गो-संरक्षण और गो-संवर्धन के कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश के किसानों की पशुपालन के माध्यम से आय बढ़ाने और दुग्ध उत्पादन को दोगुना करने के लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से प्रदेश में 2 अक्टूबर से दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान” प्रारंभ किया जायेगा। अभियान के अंतर्गत गाँव-गाँव पशुपालकों से व्यक्तिश: सम्पर्क किया जायेगा और उन्हें पशुओं में नस्ल सुधार, पशु स्वास्थ्य एवं पोषण के संबंध में जागरूक किये जाने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जायेगा। अभियान 3 चरणों में चलाया जायेगा। इसकी शुरुआत 2 अक्टूबर को ग्राम सभाओं से की जायेगी। अभियान 9 अक्टूबर तक चलेगा।

राज्यमंत्री पटेल ने मंगलवार को एक बयान में बताया कि दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान” के प्रथम चरण में 10 या 10 से अधिक गो-वंश रखने वाले पशुपालकों से सम्पर्क किया जायेगा। अभियान के द्वितीय चरण में 5 या अधिक गो-वंश रखने वाले पशुपालकों और तीसरे चरण में 5 या कम गो-वंश रखने वाले पशुपालकों से सम्पर्क किया जायेगा। अभियान के अंतर्गत सहायक पशु चिकित्सा अधिकारी/मैत्री द्वारा पशुपालकों से गृह भेंट की जायेगी और उन्हें पशु पोषण, पशु स्वास्थ्य एवं नस्ल सुधार के संबंध में जागरूक किया जायेगा। साथ ही पशुओं में टैग लगाने संबंधी जानकारी भी एकत्र की जायेगी। इस कार्य के लिये मैत्री को प्रति पशुपालक 5 रुपये का मानदेय भी दिया जायेगा। दुग्ध समृद्धि सम्पर्क अभियान संबंधी प्रशिक्षण प्रत्येक जिले के मास्टर ट्रेनर को राज्य पशुपालन प्रशिक्षण संस्थान, भोपाल में दिया जायेगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top