नाहन, 30 जून (Udaipur Kiran) । उत्तराखंड के बड़कोट क्षेत्र में बादल फटने की घटना के बाद यमुना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया है, जिससे नदी उफान पर है। बीती रात से लगातार हो रही भारी बारिश ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। खतरे की आशंका को देखते हुए पांवटा प्रशासन ने एहतियातन सतर्कता बढ़ा दी है।
पांवटा साहिब के एसडीएम ने स्वयं यमुना घाट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। घाटों की ओर जाने वाले सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है ताकि कोई भी व्यक्ति नदी के समीप न पहुंचे।
प्रशासन ने विशेष रूप से 10 गोताखोरों की टीम तैनात की है, जो लगातार यमुना नदी की निगरानी कर रही है। वर्तमान में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के करीब है, लेकिन प्रशासन की तैयारियों के चलते स्थिति नियंत्रण में है।
पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से आए पर्यटकों को भी यमुना के किनारे जाने से रोका जा रहा है। प्रशासन बार-बार अपील कर रहा है कि लोग नदी से दूरी बनाए रखें और सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन करें। हालांकि श्रद्धालु और पर्यटक दूर से ही यमुना मां के दर्शन कर फोटो और सेल्फी ले रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी टीम तैयार है, और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की गई है।
—————
(Udaipur Kiran) / जितेंद्र ठाकुर
