Uttrakhand

पौड़ी में धूमधाम से मनायी गई पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती

भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की मूर्ति पर माल्यार्पण करते अतिथि।

पौड़ी गढ़वाल, 10 सितंबर (Udaipur Kiran) । महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, कुशल प्रशासक एवं उत्तर प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत की 138वीं जयंती के अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए।

जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, नगर पालिका अध्यक्षा पौड़ी हिमानी नेगी सहित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की।

घुड़दौड़ी में आयोजित कार्यक्रम के पश्चात जिला प्रशासन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जिला कलेक्ट्रेट प्रांगण में उपस्थित गणमान्यों ने पंत जी के चित्र पर पुष्पाजंलि अर्पित किए व स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। आयोजित विचार गोष्ठी में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं व उपस्थित लोगों द्वारा पंत के जीवन चरित्र व आजादी में उनके योगदान पर प्रकाश डाला गया।

अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत का जीवन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है। छात्रों को चाहिए कि वे पंत जी के त्याग, समर्पण और ईमानदारी को अपने जीवन का आदर्श बनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।

नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी ने कहा कि पंडित जी की जयंती हमारे लिए गौरव दिवस है। हमें उनके पदचिह्नों पर चलते हुए समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करना चाहिए। कार्यक्रम में जीबी पंत इंजीनियरिंग कॉलेज घुड़दौड़ी प्रो. वीके बंगा, रजिस्टार संदीप कुमार आदि शामिल रहे।

(Udaipur Kiran) / कर्ण सिंह

Most Popular

To Top