
पलवल, 14 सितंबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा सरकार में खेल मंत्री गौरव गौतम से रविवार काे पलवल में जिले के युवा समाजसेवी, साहित्यप्रेमी एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी में फर्स्ट एड लेक्चरर हरीश पेलक ने भेंट की। खेल मंत्री ने हरीश पेलक को रूस की राजधानी मॉस्को में आयोजित होने वाले वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित होने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह अंतरराष्ट्रीय महोत्सव 16 से 21 सितंबर तक आयोजित होगा।
जिले और प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि हरीश पेलक को इस वैश्विक मंच पर आमंत्रित किया गया है। हरीश ने पं. जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय, फरीदाबाद से एम.एससी. (कंप्यूटर साइंस) करने के बाद महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से एम.ए. (राजनीति विज्ञान), एम.एस.डब्ल्यू. (सामाजिक कार्य) और एम.ए. (पत्रकारिता एवं जनसंचार) की उपाधियाँ हासिल कीं। वर्तमान में वे राजनीति विज्ञान में पीएच.डी. कर रहे हैं। साहित्य के प्रति गहरी रुचि रखने वाले हरीश विभिन्न मंचों पर कविताएँ प्रस्तुत कर चुके हैं और युवाओं को साहित्यिक चेतना से जोड़ते रहते हैं।
यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय अनुभव नहीं है। वर्ष 2016 में वे भूटान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा नेतृत्व प्रशिक्षण शिविर में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहीं 2018 में भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा विनिमय कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
हरीश पेलक को अब तक कई बड़े सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। वर्ष 2017 में उन्हें महामहिम राष्ट्रपति द्वारा एनएसएस राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया, वर्ष 2019 में हरियाणा सरकार का राज्य युवा पुरस्कार (प्रथम स्थान) प्राप्त हुआ और मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल द्वारा सम्मानित किया गया। वर्ष 2022 में उन्होंने संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रीय एकता दिवस पर भाषण देकर देशभर में सराहना प्राप्त की थी।
—————
(Udaipur Kiran) / गुरुदत्त गर्ग
