
कोरबा, 27 जुलाई (Udaipur Kiran) । जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। दादर नाले के पास रहने वाले 45 वर्षीय डॉक्टर कलीम रिजवी की आज सुबह घर की छत पर साफ-सफाई के दौरान 11 केवी तार की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे में उनकी पत्नी फिरदौस रिजवी भी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।
हादसा उस वक्त हुआ जब डॉक्टर कलीम रिजवी घर की छत पर साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने रॉड को उठाया जो 11 केवी तार की चपेट में आ गया। करंट इतना तेज था कि डॉक्टर कलीम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी फिरदौस रिजवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
डॉक्टर की पत्नी फिरदौस रिजवी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उनके इलाज के लिए जुटी हुई है। डॉक्टर कलीम रिजवी के निधन की खबर मिलते ही परिजन और शुभचिंतक बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज में पहुंच गए। सभी लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं और डॉक्टर कलीम के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं।
जिला अस्पताल चौकी पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कह रही है। डॉक्टर कलीम रिजवी घर पर ही क्लीनिक चलाते थे और उनके निधन से क्षेत्र के लोगों को बड़ा झटका लगा है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।
(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी
—————
(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी
