सोनीपत, 5 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । सोनीपत
शहर के काठमंडी क्षेत्र में एक महिला के साथ मारपीट और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया
गया है। कृष्णा नगर निवासी पीड़िता ने सिटी थाना में दी शिकायत में बताया कि सुबह करीब
नौ बजे वह घर के बाहर कूड़ा डालने निकली थी। इसी दौरान पड़ोसी कृष्ण जैन और उसकी पत्नी
उससे उलझ गए और गाली-गलौज करने लगे।
पीड़िता
के अनुसार जब उसने विरोध किया तो कृष्ण जैन, उसकी पत्नी, बेटे और पुत्रवधू ने हाथों
में डंडे लेकर हमला कर दिया। महिला ने बताया कि कृष्ण जैन ने गलत नीयत से उसके साथ
छेड़छाड़ की और प्राइवेट पार्ट पर लात-घूंसे मारे। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे,
जिन्होंने किसी तरह उसे बचाया। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची
और घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने
उसे बेहतर उपचार के लिए पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया।
पीड़िता
के बयान के आधार पर रविवार को पुलिस ने कृष्ण जैन, उसकी पत्नी, बेटे और पुत्रवधू के
खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं
हुई है। जांच
अधिकारी संदीप ने बताया कि पुलिस ने महिला के बयान दर्ज कर जांच शुरू
कर दी है। दोषियों
को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा परवाना
