Chhattisgarh

कुरुद धान मंडी में शुभ मुहूर्त में हुई धान खरीद की शुरुआत

कुरूद कृषि उपज मंडी में धान खरीदी करते हुए मंडी कर्मचारी, किसान व अन्य।

पहले दिन 4500 बोरी की आवक

धमतरी, 29 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । धमतरी जिले के नपा कुरुद में धान खरीद शुरू हो गई है। दीपावली के बाद शुभ मुहूर्त में बुधवार सुबह साढ़े 10 बजे कुरुद कृषि उपज मंडी में धान खरीद का शुभारंभ हुआ। मंडी व्यापारियों और राइस मिलरों ने सर्वप्रथम हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरण किया और कर्मचारियों, किसानों तथा मंडी कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर धान खरीदी सत्र की औपचारिक शुरुआत की। मंडी में खरीदी की पहली बोली 2000 रुपये प्रति क्विंटल से शुरू हुई।

प्रदेश की सबसे सक्रिय और राजस्व देने वाली मंडियों में शुमार कुरुद कृषि उपज मंडी में इस अवसर पर उत्साह का माहौल रहा। दीपावली की बंदी के पश्चात शुभ मुहूर्त में आरंभ हुई खरीदी में आज लगभग 4500 बोरी धान की शानदार आवक दर्ज की गई। सरना, आईआर-64, महामाया, 1010, आरबी गोल्ड, सांभा मसुरी और ओम थ्री् जैसी किस्मों के धान के ढेरी पर सुबह पूजा-अर्चना के साथ नीलामी प्रक्रिया शुरू की गई। मंडी सचिव राजकुमार रात्रे की देखरेख में पहली नीलामी बोली सरना धान की लगी, जो 2000 रुपये से शुरू होकर 2119 रुपये प्रति क्विंटल पर संपन्न हुई। वहीं महामाया धान की अधिकतम बोली 2511 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंची। मंडी में धान की औसत प्रारंभिक बोली 2100 रुपये रही। खरीद में प्रमुख व्यापारियों और मिलरों में श्याम बाजपेयी, राजु शर्मा, मोहन अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, विजय केला टिल्लू, दीपक महावर, सचिन महावर सहित अनेक ट्रेडर्स ने भाग लिया। पहले दिन की खरीद के साथ ही मंडी परिसर में चहल-पहल बढ़ गई। किसान और व्यापारी दोनों ही उत्साहित नजर आए।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top