Punjab

पंजाब में राज्यसभा की एक सीट खाली

चंडीगढ़, 2 जुलाई (Udaipur Kiran) । पंजाब में लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा के चुनाव जीतने के बाद राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई है। अब इस सीट से राज्यसभा में जाने वाले आम आदमी पार्टी के नेता के नाम को लेकर लॉबिंग शुरू हो गई है। संजीव अरोड़ा ने मंगलवार को राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया है। अरोड़ा बीती 30 जून को विधायक पद की शपथ ले चुके हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार की रात कहा कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार किया जाएगा। जिससे साफ है कि आम आदमी पार्टी की सरकार अब संजीव अरोड़ा को प्रदेश में मंत्री बनाएगी।

लगभग तीन वर्षों तक उच्च सदन में सेवा देने वाले अरोड़ा ने अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब के लोगों, साथी सांसदों और राज्यसभा के सभापति के समर्थन और सहयोग के लिए उनका गहरा आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने त्यागपत्र में कहा कि राज्यसभा सदस्य के रूप में सेवा करना सम्मान व सौभाग्य की बात है। पंजाब में आम आदमी पार्टी दिल्ली के नेताओं की बढ़ती सक्रियता के बाद यह चर्चा है कि इस बार दिल्ली के ही किसी नेता को राज्यसभा में भेजा जाएगा। पंजाब में राज्यसभा की कुल सात सीटें हैं। वर्ष 2022 में हुए चुनाव के दौरान पार्टी ने पंजाब से विक्रमजीत साहनी, पर्यावरणविद बलबीर सिंह सीचेवाल, राघव चढ्ढा, संदीप पाठक, क्रिकेटर हरभजन सिंह, शिक्षाविद अशोक मित्तल तथा उद्योगपति संजीव अरोड़ा को भेजा था। अब संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद एक सीट रिक्त हुई है। विधायकों की संख्या के आधार पर यह रिक्त सीट भी आम आदमी पार के खाते में ही जाएगी।

—————

(Udaipur Kiran) शर्मा

Most Popular

To Top