चंडीगढ़, 18 जुलाई (Udaipur Kiran) । हरियाणा में अगले सप्ताह होने वाली सीईटी की परीक्षा को लेकर कर्मचारी चयन आयोग ने बीती रात साइट पर एडमिट कार्ड अपलोड कर दिए हैं। आयोग द्वारा साइट ओपन करने के बाद पहले ही दिन प्रदेश के दस लाख युवाओं ने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लिए हैं। हरियाणा में 26 व 27 जुलाई को ग्रुप सी के लिए सीईटी की परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। इस परीक्षा के लिए 13 लाख 48 हजार युवाओं ने आवेदन किया हुआ है। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अलावा परिवहन विभाग, पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग तथा जिला प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा गुरुवार की रात एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए लिंक जारी किया। शुक्रवार को आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने बताया कि कल देररात यह लिंक जारी किया गया था। जिसके चलते पहले 11 घंटे में नौ लाख 14 हजार 665 अभ्यर्थियों ने अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड किए हैं। आयोग ने दावा किया है शनिवार सुबह तक सभी अभ्यर्थी अपने एडमिट कार्ड डाउनलोड कर लेंगे।
दूसरी तरफ परिवहन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार रोडवेज की तरफ अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए मुफ्त बस सफर सुविधा दी है। इस परीक्षा के लिए सरकार द्वारा 9200 बसों का प्रबंध किया गया है। विद्यार्थियों की संख्या को देखते हुए इसमें बदलाव किया जा सकता है। मुफ्त सफर के लिए पंजीकरण हेतु परिवहन विभाग की तरफ से गुरुवार को साइट ओपन की गई। जिसके चलते शुक्रवार की शाम तक नौ लाख 15 हजार युवाओं ने रोडवेज की बसों में सफर के लिए ऑनलाइन सीटें बुक की हैं। परीक्षा के लिए 1350 केंद्र बनाए गए हैं। पूर्व निर्धारित केंद्रों में 334 केंद्रों को सुरक्षा कारणों के चलते रद्द किया गया है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
