
कन्नौज, 27 सितंबर (Udaipur Kiran News) । सकरावा में नारी सुरक्षा और सम्मान को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत कक्षा 8 की छात्रा को एक दिन का थानाध्यक्ष बनाया गया। उसने अपने स्कूल की अन्य छात्राओं को पुलिस व्यवस्था और महिला हेल्प लाइन के बारे में जानकारी दी।
सकरावा स्थित मां भगवती विद्या मंदिर में पढ़ने वाली 8वीं की छात्रा आरुषि पाठक को शनिवार के दिन सकरावा थाने का थानाध्यक्ष बनाया गया। यह दिन उनके लिए अविस्मरणीय रहा। आरुषि के थानाध्यक्ष की कुर्सी संभालते ही थाने के पूरे स्टाफ ने उन्हें सैल्यूट कर सम्मानित किया। थानाध्यक्ष विनय शर्मा उनके बगल में खड़े रहे और बच्चों को पुलिस कार्यप्रणाली की जानकारी दी। आरुषि ने इस दौरान लोगों से बातचीत भी की।
एक दिन की थानाध्यक्ष बनीं आरुषि ने फरियादियों से कहा कि वह अपनी समस्या बताने में कतई संकोच न करें। उन्होंने जोर दिया कि फरियादियों की समस्याओं को विनम्रता और अपनेपन से सुनना चाहिए, ताकि थाने आने पर उन्हें किसी प्रकार का डर या भय महसूस न हो। आरुषि ने बताया कि वह कड़ी मेहनत कर पढ़ाई करके पुलिस अधिकारी बनना चाहती हैं। थानाध्यक्ष विनय शर्मा ने आरुषि व उसके साथ पढ़ने वाली छात्राओं को थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क और हवालात सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण भी कराया। इस अवसर पर महिला कांस्टेबल नैन्सी तिवारी ने बच्चों को महिलाओं से संबंधित टोल फ्री नंबरों जैसे 1090, 1076, 112 और 181 के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा केंद्र की टीम के उपनिरीक्षक मुनीश सिंह, महिला कांस्टेबल नमिता शुक्ला, नैंसी तिवारी और कांस्टेबल विनीश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) झा
